गोरखपुर। फर्जी दरोगा बनकर जबरदस्ती बीयर शॉप खुलवाले का प्रयास करने वाले युवक और उसके दो साथियों को लोगों ने पकड़ लिया। बुधवार की रात खोराबार इलाके में ढाबे पर पहुंचे आरोपी मालिक से उलझ गए थे। थाने पर पूछताछ के दौरान दोनों ने मारपीट कर आरोप लगाय। हालांकि बाद में दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया जिसके चलते मुकदमा दर्ज नहीं हो सका।
खोराबार प्रतिनिधि के अनुसार कुसम्ही इलाके में बुधवार की रात एक ढाबे पर बाइक सवार युवक पहुंचा। उसके साथ ही टेंपो पर दो और युवक पहुंचे। तीनों युवकों ने ढाबा परिसर में ही संचालित बीयर शॉप को खुलवाले का प्रयास किया लेकिन कई बार आवाज देने के बावजूद कोई बाहर नहीं आया। इसके बाद तीनों युवकों ने ढाबा मालिक को जगा दिया और जबरदस्ती बीयर शॉप खुलवाने का दबाव बनाने लगे। बाइक से आए युवक ने खुद को दरोगा बताया और दुकान खुलवाकर बीयर न देने पर कार्रवाई की धमकी दी। ढाबा मालिक ने मना किया तो तीनों युवक उनसे उलझ गए। इसके बाद ढाबा कर्मचारियों ने तीनों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों आरोपियों को लेकर थाने आ गई। यहां पूछताछ के दौरान युवकों ने ढाबा मालिक पर ही मारपीट का आरोप लगाया। दोपहर तक दोनों पक्षों से कई लोग पहुंच गए जो आपस में परिचित निकल गए। इसके बाद दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया जिसके चलते मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
इस संबंध में एसओ खोराबार श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी लेकिन किसी ने तहरीर नहीं दी। फर्जी दरोगा बनकर धमकाने की भी पुष्टि नहीं हुई है। तहरीर नहीं मिली है जिसके चलते मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।