गोरखपुर। चुनाव की तारीख भले अभी दूर है लेकिन प्रशासनिक अफसरों के दफ्तरों में इसका असर पूरी तरह से दिखाई पड़ने लगा है। दफ्तर में अफसरों के बैठने का समय घट गया तो फरियादियों ने भी यह मान लिया है कि चुनाव तक कोई काम नहीं होने वाला। कलेक्ट्रेट, विकास भवन, ट्रेजरी और शिक्षा विभाग समेत कई महकमों के परिसर में फैला सन्नाटा इसकी तस्दीक कर रहा है।
चुनावी व्यस्तता के चक्कर में कुछ अफसरों को दफ्तर में बैठने का समय नही मिल रहा है तो कुछ ने इसे हथियार भी बना लिया है। किसी भी सरकारी दफ्तर में यह सुनाई पड़ जाना आम हो गया है कि ‘चुनाव है, कोई काम नहीं होगा’ या फिर ‘चुनाव बाद आना’। कलेक्ट्रेट और विकास भवन में तो छुट्टी सा माहौल दिखाई पड़ रहा है। इसकी एक वजह धरना-प्रदर्शन पर रोक और बैठक के लिए कलेक्ट्रेट सभागार की जगह जीडीए सभागार को प्राथमिकता मिलना भी है।
कलेक्ट्रेट और विकास भवन परिसर में जहां सामान्य दिनों में लाइन से गाड़ियां खड़ी दिखाई पड़ती थीं, वहां इक्का-दुक्का दफ्तरों के सामने ही अफसरों के वाहन खड़े मिल रहे हैं। सर्वाधिक दिक्कत राजस्व से जुड़े मामलों में फरियाद लेकर आने वालों को झेलनी पड़ रही है। जाति-आय और निवास आदि प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लेखपाल-कानूनगों को ढूढ़ने में पसीना छूट जा रहा है। सुनवाई नहीं होने की वजह से जमीन के कई मामले गहरा गए हैं। थानों से मदद मिलने का आश्वासन मिल रहा है तो मौके पर लेखपाल ही नहीं पहुंच रहे।