गोरखपुर। राहुल सिंह के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत गोरखपुर यूनिवर्सिटी ने प्रतियोगिता में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। जादवपुर यूनिवर्सिटी कोलकाता में पूर्वी क्षेत्र अंतर यूनिवर्सिटी क्रिकेट प्रतियोगिता में गोरखपुर यूनिवर्सिटी ने भागलपुर यूनिवर्सिटी को रोमांचक मुकाबले में 23 रनों से हरा दिया। बुधवार को गोरखपुर यूनिवर्सिटी का मुकाबला कोलकाता यूनिवर्सिटी से होगा। यह जानकारी गोरखपुर यूनिवर्सिटी क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. हर्ष कुमार सिन्हा ने दी।
मंगलवार को खेले गए मैच में टॉस तिलका मांझी भागलपुर यूनिवर्सिटी के कप्तान ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गोरखपुर यूनिवर्सिटी की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन मध्यक्रम में राहुल सिंह के 76, पंकज शुक्ला के 30, मुकेश सिंह के 24 और शिवम श्रीवास्तव के 20 रनों की बदौलत गोरखपुर यूनिवर्सिटी ने 40 ओवर में 213 रनों का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भागलपुर यूनिवर्सिटी की टीम गोरखपुर की कसी हुई गेंदबाजी के सामने 190 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। गोरखपुर यूनिवर्सिटी के लिए नीरज यादव ने तीन, शिवम श्रीवास्तव और दुर्गेश सिंह ने दो-दो तथा अन्नू और राहुल सिंह ने एक-एक विकेट हासिल किया। गोरखपुर यूनिवर्सिटी की तरफ से पंकज शुक्ला ने सबसे कसी गेंदबाजी की। हालांकि उन्हें विकेट नहीं मिला। राहुल सिंह को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।