गोरखपुर। जनवरी के पहले सप्ताह में शुरू होने वाली 102 नंबर एंबुलेंस सेवा के लिए जिले से 15 एंबुलेंस लखनऊ मंगाई गई हैं। यह एंबुलेंस उत्तर प्रदेश एंबुलेंस सेवा के तहत ग्रामीण इलाकों में सेवा दे रही थीं। अब इन एंबुलेंस को फिर से नए नाम के साथ भेजा जाएगा। बृहस्पतिवार को ग्रामीण इलाकों में सेवा दे रहीं इन एंबुलेंस को लखनऊ रवाना कर दिया गया है। इसके लिए सभी एंबुलेंस को जिला अस्पताल मंगाया था, जिससे यहां जाम की स्थिति बनी रही।
जिले में प्रसूता को घर से अस्पताल लाने और ले जाने के लिए निशुल्क 102 नंबर सेवा शुरू होनी है। प्रदेश सरकार इसकी घोषणा पहले ही कर चुकी है और जनवरी के पहले सप्ताह में ही इस सेवा के शुरू होने की संभावना है। अब शासन ने नए एंबुलेंस की जगह पुराने एंबुलेंस को ही ठीक करके सेवा शुरू करने का फैसला किया है। शासन से आए पत्र में जिले में उत्तर प्रदेश एंबुलेंस सेवा के तहत चल रहें 15 वाहनों को वापस मंगा लिया गया है। इसका प्रयोग न्यूनतम किराया पांच रुपये प्रति किलोमीटर की दर से चुकाने पर किया जा सकता था। अब इन एंबुलेंस के वापस मंगाए जाने से लोगों को प्राइवेट के भरोसे ही काम करना पड़ेगा। सीएमओ डॉ. रमेश प्रसाद ने बताया कि शासन से आए पत्र के बाद एंबुलेंस को वापस भेजा गया है। इसी एंबुलेंस से 102 नंबर सेवा शुरू की जाएगी।