युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित कर रहा एसएसबी
गोरखपुर। ‘है तुझमें देश सेवा की चाह, है तुझमें सुरक्षा का दृढ़ संकल्प, है तुझमें बंधुत्व की भावना, तो आइए हमें तुम्हारी जरूरत है’ इस स्लोगन का पैम्फलेट युवाओं के बीच सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बांट रहा है। मकसद भारत-नेपाल सीमा से सटे भारत के गांवों के बेरोजगार युवा भर्ती परीक्षा पास कर देश सेवा में जुट जाएं। नए साल पर एसएसबी की इस पहल का युवाओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया है। पैम्फलेट में युवा भर्ती के लिए कैसे तैयारी करें, किन-किन पदों के लिए क्या योग्यता चाहिए इसकी पूरी जानकारी है। इसके साथ ही एसएसबी की वेबसाइट पर भी युवा लॉग इन करके जानकारी हासिल कर सकते हैं।
एसएसबी पर 1751 किलोमीटर लंबी भारत-नेपाल और 699 किमी. भारत-भूटान सीमा की सुरक्षा का जिम्मा है। एसएसबी तेजी से विस्तार करता हुआ बल है। जिसमें हाईस्कूल से लेकर स्नातक स्तर तक शिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के अवसर हैं। इसके साथ ही एसएसबी में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले उम्मीदवारों को खेल कोटे के अंतर्गत वरीयता भी दी जाती है। सशस्त्र सीमा बल अपनी 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर नेपाल से सटे गांवों में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए। नए साल पर एसएसबी ने भारत-नेपाल बार्डर से सटे भारत के गांवों में रहने वाले बेरोजगार युवाओं को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का जिम्मा उठाया है। इसके लिए युवाओं के बीच में रोजगार के सुनहरे अवसर नाम से एक पैम्फलेट बांटा जा रहा है। जिसमें एसएसबी में किन किन पदों पर अभ्यर्थी आवेदन दे सकते है। आवेदन के लिए शैक्षिक योग्यता क्या होनी चाहिए इसकी पूरी जानकारी पैम्फलेट पर है।
वेबसाइट पर भी है पूरी जानकारी
बेरोजगार युवक एसएसबी में भर्ती होने के लिए उसकी वेबसाइट पर भी जानकारी ले सकते हैं। WWW.ssbrectt.gog.in पर लॉग इन करके भर्ती प्रक्रिया की पूरी जानकारी ली जा सकती है।
देश सेवा से युवा जुड़ सकें इसलिए बार्डर से सटे गांवों और स्कूलों में पैम्फलेट बंटवाया जा रहा है। मेहनती और परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी एसएसबी में भर्ती होकर देश सेवा कर सकते हैं।
-ओपी शाहू, सहायक प्रचार अधिकारी