गोरखपुर। लैपटॉप बांटने आए सूबे के मुखिया माहौल बनाने में कामयाब रहे। विद्यार्थियों की हसरत भांपकर उनके करीब पहुंच गए और शिक्षकों से लैपटॉप लेकर खुद बांटने लगे। विद्यार्थियों को लैपटॉप का उपयोग पढ़ाई में करने की नसीहत दी। वहीं काफी देर से अखिलेश-मुलायम जिंदाबाद का नारा लगा रहे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच जाकर उनकी हौसला अफजाई भी की। सीएम के इस अंदाज पर काफी देर तक तालियां बजती रहीं।
पंडाल में सुबह करीब दस बजे तक लैपटॉप लेने आए सभी विद्यार्थियों को ब्लॉकवार बैठाया गया। हर ब्लॉक के सामने कंप्यूटर रख दिया गया। करीब 11.15 बजे सीएम का हेलीकॉप्टर आसमान में मंडराने लगा। थोड़ी ही देर बाद सीएम मंच पर पहुंच गए और फिर स्वागत का कार्यक्रम शुरू हुआ। मंच पर गिने चुने लोगों को ही जाने दिया गया। समारोह को संबोधित करने के बाद सीएम ने मंच पर विद्यार्थियों को लैपटॉप देना शुरू किया तो पंडाल में बैठे विद्यार्थियों की ओर से ‘सर प्लीज कम’ के स्वर उठने लगे साथ ही विद्यार्थी हाथ उठाकर सीएम का अभिवादन करने लगे। शायद विद्यार्थियों की हसरत सीएम ने भांप ली और मंच से उतरकर उनके बीच पहुंच गए। सबसे पहली पंक्ति में गोरखपुर विश्वविद्यालय के विद्यार्थी बैठे थे। जिन्हें सीएम ने खुद लैपटॉप दिया। सीएम ने कहा कि अभी लैपटॉप ले लो, मन से पढ़ाई करो और आगे नौकरी भी दिलाएंगे।
0
गोरखपुर की धरती को ऐतिहासिक बताया
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर की धरती को ऐतिहासिक बताकर लोगों की भावनाओं को छूने की कोशिश की। कहा कि यहां से पार्टी में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गए। राज्य सम्मेलन में मुझे इसी धरती पर प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। सभी ने प्रदेश में सरकार बनाने का संकल्प लिया था जो कार्यकर्ताओं की मेहनत से पूरा हुआ। जब मैं रथयात्रा लेकर निकला था तो पूर्वांचल से बहुत ज्यादा समर्थन मिला।
0
सर, ऑटोग्राफ दे दीजिए
पंडाल में आकर पहली पंक्ति में बैठी छात्राओं को जब सीएम लैपटॉप दे रहे थे बहुत सारी छात्राओं ने उनसे ऑटोग्राफ मांगना शुरू कर दिया। सीएम ने भी किसी को निराश नहीं किया और वहीं खड़े होकर सभी को ऑटोग्राफ दिए।