गोरखपुर। परिषदीय स्कूलों में निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित रहने के कारण एक शिक्षक और एक शिक्षामित्र को बर्खास्त किया जाएगा। जबकि 53 शिक्षकों और 14 शिक्षामित्र और अनुदेशकों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश बीएसए ने दिया है। इसके अलावा 15 शिक्षकों से तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बीएसए ने बताया कि कमिश्नर के आदेश पर जिले में प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूलाें की चेकिंग की गई थी। जिसकी रिपोर्ट डीएम दफ्तर से आ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक प्राथमिक विद्यालय देवीपुर में कार्यरत सहायक अध्यापक मीनाक्षी त्रिपाठी बिना किसी सूचना के एक अक्टूबर 2011 से अनुपस्थित हैं, पता चला है कि वह कहीं और कार्य कर रही हैं। लिहाजा उनकी बर्खास्तगी की कार्रवाई की जा रही है। प्राथमिक विद्यालय तेंदुआ खुर्द में शीला देवी आठ महीने से अनुपस्थित हैं। अनिश्चितकालीन के लिए वेतन बाधित किया गया है और उनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई प्रस्तावित कराई जा रही है। प्राथमिक विद्यालय जंगल बेलवार करमहिया टोला के प्रधानाध्यापक बाल्मिकी कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा 53 प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूलों में कार्यरत शिक्षक बिना बताए स्कूल से गायब मिले। सभी का एक दिन का वेतन काटा जाएगा। 12 शिक्षामित्र और दो अनुदेशक अनुपस्थित पाए गए। इनका भी एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया है। 15 शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इनमें कुछ शिक्षक विलंब से स्कूल आए और कुछ शिक्षकों की ओर से हस्ताक्षर पंजिका पर संयोगी अवकाश चढ़ा मिला, लेकिन प्रार्थना पत्र नहीं था।
दो शिक्षक, एक लिपिक का वेतन काटने का निर्देश
गोरखपुर। डीआईओएस सतीश सिंह ने मंगलवार को गणेश शंकर पांडेय इंटर कॉलेज कठघर, खजनी का निरीक्षण किया। कॉलेज में कई शिक्षक पढ़ाते नहीं मिले। इस दौरान एक प्रधान लिपिक और दो शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। डीआईओएस ने अनुपस्थित शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही प्रधानाचार्य प्रधानाचार्य, प्यारेलाल विद्यापति से स्पष्टीकरण मांगा गया है। डीआईओएस ने बताया कि कॉलेज में समय सारिणी नहीं बनी थी। स्कूल में कई शिक्षक पढ़ा नहीं रहे थे। प्रधानाचार्य को सख्त हिदायत दी गई कि शिक्षक कक्षाओं में पढ़ाने जरूर जाएं। दो शिक्षक रामचंद सिंह, बृजेश त्रिपाठी और प्रधान लिपिक प्रह्लाद सिंह अनुपस्थित थे। इनका एक दिन का वेतन काटा जाएगा।