गोरखपुर। सवारी के लिए दो टेंपो चालकों में मंगलवार को जमकर मारपीट हुई। एक टेंपो चालक ने बेल्ट से मारकर दूसरे का सिर फोड़ दिया। खून से लथपथ टेंपो चालक काफी देर तक सड़क पर आपस में गुत्थमगुत्था करते रहे। वहां पहुंचे एक होमगार्ड ने दोनों को अलग कराया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
इंदिरानगर, कैंट का जयसूर्या यादव (25) और कूड़ाघाट कैंट का सुरेश (26) टेंपो चालक हैं। दोनों अपनी गाड़ियां शास्त्री चौक से कूड़ाघाट रोड पर चलाते हैं। आरोप है कि मंगलवार की शाम करीब चार बजे सुरेश अपनी गाड़ी लेकर स्टैंड पर खड़ा था। नंबर के चलते वह सवारी भरने में लगा था। आरोप है कि इसी दौरान जयसूर्या भी सवारी भरने लगा। सवारी भरने को लेकर दोनों में पहले कहासुनी हुई इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। बेल्ट से हुए हमले और मारपीट में सुरेश का सिर फट गया और जयसूर्या को भी चोटें आईं। खून से लथपथ दोनों टेंपो चालक काफी देर तक सड़क पर आपस में हाथापाई करते रहे। कई टेंपो चालक वहां खड़े थे लेकिन किसी ने बीच बचाव नहीं किया। वहां से गुजर रहे होमगार्ड वहां पहुंचा और दोनों को अलग कराया। सूचना पर पहुंचे सिपाही दोनों को लेकर कैंट थाने आ गए। यहां से उन्हें जिला अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया गया।