गोरखपुर। मार्कशीट (अंकपत्र) के आधार पर बैंक से लोन दिलाने का झांसा देकर युवक ने विकलांग महिला समेत कई महिलाओं और लोगों से लाखों रुपये की ठगी की है। मंगलवार को रेलवे स्टेशन पर घूम रहे आरोपी को एक पीड़ित युवक ने देख लिया। रेलवे स्टेशन चौकी इंचार्ज ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। सूचना पर दो महिलाएं कैंट थाने पहुंच गईं और कर्ज दिलाने के नाम पर 30-30 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया। पता चला कि जालसाज युवक अपने रिश्तेदार की ही चोरी की बाइक से चलता था।
कांशीराम शहरी आवासीय योजना में रहने वाला पुनीत ड्र्राइवर है। उसकी पत्नी सीमा पांडेय पैर से विकलांग हैं। कुछ माह पूर्व पुनीत की मुलाकात एक युवक से हुई। उसने अपना नाम रवि शुक्ला बताया। रवि ने पुनीत से बताया कि पत्नी के अंकपत्र के आधार पर वह बैंक से पांच लाख रुपये लोन दिला सकता है। पुनीत ने अपनी पत्नी सीमा के लिए ट्राई साइकिल खरीदने और अन्य कामों के लिए लोन लेने को राजी हो गया। रवि शुक्ला ने उससे 30 हजार रुपये एडवांस किस्त और चार हजार रुपये फीस के नाम वसूल लिए। 12 जून को घर पर सर्वे करने एक युवक आया था जिसके बाद रवि ने बताया कि एक घंटे में खाते में रुपये पहुंच जाएंगे। इलाहाबाद बैंक में खड़े होकर वह लोग इंतजार करते रहे लेकिन खाते में रुपये नहीं आए। तब से रवि का पता भी नहीं चला। सीमा ने बताया कि उसने सूद पर उधार लेकर 30 हजार रुपये दिए थे। उधार देने वाले ने जीना दुश्वार किया है।
कैंट थाने पहुंची बौलिया रेलवे कॉलोनी के श्याम बिहारी पांडेय की पत्नी शीला पांडेय ने बताया कि बेटी की शादी के लिए उन्हें भी रुपयों की जरूरत थी। अपना नाम रवि शुक्ला बताने वाले युवक उनके घर आया था। 12 जून को ही उसने उनके घर भी सर्वेयर भेजा था। सर्वे के बाद उसने एक घंटे में रुपये खाते में आने की बात कही थी। 30400 रुपये एक बार और उसके पहले 2100 रुपये लिए थे। रुपये लेने के बाद से रवि का कुछ पता नहीं चला।
मंगलवार को पुनीत रेलवे स्टेशन की तरफ किसी काम से गया था। इसी दौरान एक कार में बैठने जा रहे रवि शुक्ला को देखकर उसने तत्काल चौकी इंचार्ज रेलवे स्टेशन दिलीप शुक्ला को इसकी जानकारी दी। सूचना पर फोर्स के साथ पहुंचे रेलवे स्टेशन चौकी इंचार्ज दिलीप शुक्ला ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और लेकर थाने आ गए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दानिश, रुधौली, फैजाबाद बताया। उसका साथी प्रताप सिंह भी इन घटनाओं में उसके साथ शामिल था। पता चला कि अब तक वह करीब सौ से अधिक युवकों से बैंक में लोन के नाम पर रुपये वसूल चुका है। सिकरीगंज इलाके में भी करीब 25 लोगों को झांसा देकर उसने रकम वसूली है।
बाइक के साथ-साथ नाम भी चुराया
कैंट थाने पहुंचीं राप्तीनगर चतुर्थ चरण की ज्ञानती देवी ने बताया कि उनके बेटे का नाम रवि शुक्ला है। जालसाज युवक लोन दिलाने के नाम पर अखबारों में विज्ञापन देता था। उसके बेटे रवि शुक्ला ने विज्ञापन पढ़कर उससे मुलाकात की थी। तीन-चार बार की मुलाकात के बाद एक दिन वह उनसे मिलने गया था। इसी दौरान जालसाज युवक ने रवि शुक्ला से उसकी मोटरसाइकिल मांगी। वह बाइक लेकर गया इसके बाद लौटकर नहीं आया। तभी उसने अपना नाम भी रवि शुक्ला रख लिया था। रवि शुक्ला ने अपनी बाइक चोरी का मुकदमा कोतवाली थाने में दर्ज कराया है। कैंट थाने पहुंचे कोतवाली प्रभारी विजयेंद्र सिंह उसे हिरासत में लेकर अपने साथ चले गए। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।