गोरखपुर। अगर आपके बैंक खातों में पते और पहचान का प्रमाण गलत हो तो उसे शीघ्र दूर करा लें। ऐसा न करने पर खाता बंद हो सकता है। बैंकों की तरफ से खाताधारकों के मोबाइल पर गड़बड़ियां दूर कराने के मैसेज भी भेजे जा रहे हैं।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की नई नियमावली के तहत खाताधारकों को अपने पते और पहचान का प्रमाण बैंकों को देना होगा। मैसेज के साथ ही जिन उपभोक्ताओं की मेल आईडी है, उस पर मेल भेजे जा रहे हैं। राष्ट्रीयकृत और प्राइवेट दोनों बैंकों की तरफ से ये कार्रवाई पिछले एक सप्ताह से शुरू की गई है। मैसेज में केवाईसी गाइडलाइन के तहत पता, पहचान के साथ ही फोटो और पैन कार्ड नजदीकी बैंकों पर जल्द जमा करने की बात कही जा रही है।
एसबीआई मुख्य शाखा की तरफ से पिछले दिनों की गई जांच में करीब पांच हजार खाताधारकों की आईडी ही गलत निकली थी। बैंक की तरफ से केवाईसी (नो योर कस्टमर) फार्म न भरने पर खाते का संचालन बंद करने की चेतावनी दी गई थी। अब हर दिन बड़ी संख्या में बैंक पहुंचकर खाताधारक अपने खाते को अपडेट करा रहे हैं।