गोरखपुर। लखनऊ से चली विज्ञान बस यात्रा बुधवार को शहर में पहुंची। बृहस्पतिवार से जिले के एक हजार विद्यार्थी विज्ञान की नई तकनीक सीखेंगे। पांच मास्टर ट्रेनर इन विद्यार्थियों के साथ 100 शिक्षकों को भी देश दुनिया में होने वाले विज्ञान संबंधित नये प्रयोगों और बदलाव के बारे में बताएंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश सिंह ने बताया कि विज्ञान बस दो दिन तक शहर में रहेगी। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के सभागार में प्रशिक्षण का उद्घाटन बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे से होगा। दो दिन तक चलने वाले इस प्रशिक्षण के लिए जिले के 20 इंटर कॉलेजों से 50-50 विद्यार्थियों को चुना गया है। इसके अलावा पांच-पांच शिक्षकों को भी प्रशिक्षण दिये जाएंगे। डीआईओएस ने बताया कि दोनों दिन तीन चरणों में यह प्रशिक्षण होगा। मास्टर ट्रेनर विद्यार्थियों को स्लाइड के जरिये नई तकनीक की जानकारी देंगे। उन्होंने चयनित सभी इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्य से अनुरोध किया है कि वे प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए समय से विद्यार्थियों को लेकर महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज पहुंचें।