गोरखपुर। मकर संक्रांति पर्व के लिए गोरखनाथ मंदिर सजकर तैयार है। इस दिन देश भर से एक लाख से अधिक लोग गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाने के लिए आते हैं। श्रद्धालुओं को दिक्कतें नहीं हों इसका पूरा ध्यान रखा गया है। मंदिर में आने और जाने के लिए दो-दो द्वार बनाए गए हैं। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग रास्ते भी बनाए गए हैं। इन रास्तों की बैरिकेडिंग का काम पूरा कर लिया गया है।
मेले में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए पूर्वी और उत्तरी पूर्वी गेट खुला रहेगा। जबकि निकासी के लिए मुख्य द्वार के साथ ही गोरखनाथ चिकित्सालय के निकट का उत्तरी गेट खोला जाएगा। यहां से गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाने के लिए पंक्तियों में लगकर जाना होगा। खिचड़ी चढ़ाने में श्रद्धालुओं को असुविधा नहीं हो, इसके लिए बैरिकेडिंग करके छह लाइनें बनाई गई हैं। जिसमें तीन को महिलाओं तथा तीन को पुरुषों के लिए रखा गया है। दोनों के बीच वीआईपी द्वार बनाया गया है। हर जगह सुरक्षा कर्मियों के अलावा वालंटियर भी तैनात रहेंगे।
रुकने की मंदिर में रहेगी व्यवस्था
दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं के रुकने के लिए यात्री निवास, अतिथि निवास, संत निवास, वृद्धा आश्रम, संस्कृत विद्या पीठ में व्यवस्था की गई है। इन जगहों पर मंदिर की तरफ से मुफ्त भोजन मिलेगा।
स्वयंसेवी संस्थाओं की तरफ से होगा भंडारा
श्याम प्रभु एवं राणी सती दादी ट्रस्ट की तरफ से मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को मुफ्त भोजन दिया जाएगा।
नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगेंगे
मेले में जिला अस्पताल के अलावा गुरु गोरखनाथ चिकित्सालय और दिग्विजयनाथ आयुर्वेदिक चिकित्सालय की तरफ से चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। किसी को कोई दिक्कत होने पर यहां मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।