गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती मरीजों पर बृहस्पतिवार की रात भारी पड़ी। तकरीबन तीन घंटे गुल हुई बिजली ने दर्द से कराह रहे मरीजों का दर्द और बढ़ा दिया। हाथ के पंखे के सहारे तीमारदार मरीजों को गर्मी से कुछ राहत देने की कोशिश कर रहे थे। घुप अंधेरे में मरीजों को सूई भी नहीं दी जा सकी। कई मरीजों का ड्रिप खत्म होने पर बंद कर दिया गया। कहा गया कि बिजली आने पर दूसरी बोतल शुरू होगी। रात 10:18 पर मेडिकल कालेज में बिजली आ गई लेकिन अन्य इलाकों में 10-12 बजे की इमरजेंसी कटौती के बाद बिजली आई।
राप्तीनगर फेज चार में हाईटेंशन तार गिरने के कारण मेडिकल कालेज उपकेंद्र की सप्लाई ठप हो गई। इससे मेडिकल कालेज के भीतर, राप्तीनगर, गुलरिहा बाजार आदि इलाकों में अंधेरा छा गया। मेडिकल कालेज में ऑपरेशन थियेटर, आईसीयू और बाल रोग विभाग को छोड़कर कहीं भी जेनरेटर से सप्लाई नहीं है। इससे बिजली गुल होते ही वार्डों में अंधेरा छा गया। चूंकि मेडिकल कालेज 24 घंटे बिजली वाली लाइन से जुड़ा है इसलिए लगा कि थोड़ी देर में बिजली आ जाएगी। मोबाइल और मोमबत्ती की रोशनी में मरीज रहे। स्त्री रोग विभाग में भर्ती देवरिया की गायत्री और हड्डी रोग विभाग में भर्ती शिवशंकर ने कहा कि बिजली न होने से काफी परेशानी हुई।
रात 10:18 बजे आई बिजली
बिजली विभाग के कर्मचारियों ने प्रयास कर 10:18 बजे हाईटेंशन तार जोड़ा। इसके बाद बिजली बहाल हो सकी। लेकिन यह बिजली सिर्फ मेडिकल कालेज में आयी। बाकी इलाकों में रात दस बजे से 12 बजे तक की इमरजेंसी रोस्टरिंग के कारण बिजली नहीं आयी।