गोरखपुर। पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी और उनकी पत्नी मधुमणि को बुधवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन वार्ड में फिर से भर्ती कराया गया है। उन्हें जिला अस्पताल से यहां रेफर किया गया है। इससे पहले शनिवार को हालत बिगड़ने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज से उन्हें नई दिल्ली स्थित एम्स भेजा गया था। वहां रविवार उनकी बेटी का तिलक और सगाई का भी कार्यक्रम था। पूर्व मंत्री ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पैरोल मांगी थी, लेकिन मिली नहीं थी।
पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी और उनकी पत्नी मधुमणि जिला कारागार गोरखपुर में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। जेल में तबीयत बिगड़ने पर 13 दिसंबर को उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज के न्यूरो सर्जरी विभाग में भर्ती कराया गया था। यहां से शनिवार को मानसिक रोग विभाग के डॉक्टर तपस कुमार आइच ने उनकी हालत बिगड़ने पर एम्स रेफर कर दिया। वहां से लौटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी तो अमरमणि और उनकी पत्नी मधुमणि को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।