गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में 11 नई रेल लाइनों को बिछाने की राह आसान हो गई है। इनमें गोरखपुर और बस्ती मंडल की चार रेल लाइनें शामिल हैं। 12 रेल खंडों पर रेल दोहरीकरण की स्वीकृति दी गई है। जिसमें डोमिनगढ़-कुसम्ही के बीच तीसरी लाइन भी शामिल है। अंतरिम रेल बजट में पूर्वोत्तर रेलवे को 3324 करोड़ रुपये मिले हैं। इनमें नई रेल लाइनों पर 250 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
सहजनवां-दोहरीघाट और आनंदनगर-घुघली नई लाइन बिछाने के लिए टोकन मनी दी गई है। दोनों नई लाइनों की योजना को पहले ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। इसी तरह गोरखपुर-पड़रौना वाया कुशीनगर नई लाइन के लिए भी 10 लाख रुपये मिले हैं। हालांकि यह रकम बहुत कम है लेकिन रेलवे प्रशासन का कहना है कि लोकसभा चुनाव बाद जब बजट आएगा तो इन परियोजनाओं के लिए बड़ी धनराशि मिलने की उम्मीद है।
आठ रेल लाइनों का होगा आमान परिवर्तन
रेल बजट में पूर्वोत्तर रेलवे की आठ रेल लाइनों पर आमान परिवर्तन के लिए 255 करोड़ रुपये का बजट मिला है। इससे गोंडा-बहराइच, कानपुर-कासगंज-मथुरा, कप्तानगंज-थावे-सीवान-छपरा, लखनऊ-पीलीभीत-लखीमपुर, इंदारा-दोहीघाट, बहराइच-मैलानी, पीलीभीत-शाहजहांपुर और नानपारा-नेपालगंज रोड की छोटी लाइन को बड़ी लाइन में बदला जाएगा।
232 सेक्शन की पटरियों का होगा मेंटेनेंस
पूर्वोत्तर रेलवे के तीनों मंडलों लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर के 232 सेक्शनों के मेंटेनेंस के लिए रेल बजट में 456.71 करोड़ की धनराशि आवंटित हुई है। इसमें सबसे ज्यादा सेक्शन छपरा से गोरखपुर, कप्तानगंज-नरकटियागंज और गोरखपुर कैंट से आनंदनगर-बढ़नी रूट के हैं।