राप्ती तट पर छात्राओं ने रेत से आकृतियां बनाईं।
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर। राप्ती तट पर बुधवार को सुभषा स्कल्पचर की ओर से राज्य स्तरीय रेत शिल्प प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास विषय पर आधारित इस प्रतियोगिता में 19 टीमों के 200 बच्चे शामिल हुए। डिवाइन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने हमसफर, बुद्ध म्यूजियम समेत प्रदेश में फैलती सड़कों के जाल और आंबेडकर पार्क को स्थान दिया तो एमपी इंटर कॉलेज ने शिव दर्शन और कुंभ की अनोखी छटा को उकेरा। राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने सैनिकों की शौर्य गाथा को दर्शाते शहीद मेमोरियल, सेंट जेवियर्स स्कूल ने जल संरक्षण, जीएसटी और पौधों के संरक्षण की अलख जगाई।
चानमती एजुकेशनल एंड टीचर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट गायत्रीनगर के विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए बनारस के घाट की आकृति ने सभी का ध्यान खींचा। वहीं सीआरडीपीजी कॉलेज की छात्राओं ने प्रदेश के विकास को आध्यात्म से जोड़ता शिल्प तैयार कर वाहवाही बटोरी।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि मेयर सीताराम जायसवाल ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। संरक्षक गोरखपुर यूनिवर्सिटी के ललित कला एवं संगीत विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. मनोज सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर संयोजक भाष्कर विश्वकर्मा, संत किशोर चौहान, नंद किशोर गौड़, प्रवीन पांडेय, सुशील गुप्ता, डॉ. विजय कुमार गुप्ता, डॉ. रेखा रानी शर्मा, राकेश मोहन यादव, अखिलेश निषाद, अनिल प्रजापति, बृजेश यादव, अनिल सोनकर आदि मौजूद रहे।
इन्होंने मारी बाजी
सीनियर वर्ग में चानमती एजुकेशनल एंड टीचर्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट प्रथम, गोरखपुर विश्वविद्यालय के चईसा ग्रुप ने दूसरा और तीसरा स्थान सीआरडीपीजी कॉलेज ने हासिल किया है। सांत्वना पुरस्कार महाराजगंज के शिवाआर्ट ग्रुप को मिला। वहीं जूनियर वर्ग में सेंट जेवियर्स स्कूल रुस्तमपुर प्रथम, लक्ष्मी प्रसाद मेमोरियल पब्लिक स्कूल गोला दूसरा और महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज तीसरे पायदान पर रहा। सांत्वना पुरस्कार डिवाइन पब्लिक स्कूल को मिला है।