पैनेशिया अस्पताल की प्रबंधक ने मां-बेटी को अपनी कार से भेजा
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर। बेटी की शादी की खातिर किडनी बेचने को तैयार बिछिया की वीना श्रीवास्तव शहर के सहृदय लोगों की मदद मिलने के बाद बृहस्पतिवार को खुशी-खुशी मायके मुजफ्फरपुर बिहार रवाना हुईं। वहां से रिश्तेदारों के साथ झारखंड के बाबा बैजनाथ स्थित बासुकिनाथ मंदिर जाएंगी जहां बिटिया की 23 नवंबर को शादी होनी है।
गत माह बेटी की शादी का खर्च जुटाने में असमर्थ तलाकशुदा वीना अपनी किडनी बेचने की इच्छा लेकर ‘अमर उजाला’ दफ्तर आई थीं। उनकी व्यथा ‘अमर उजाला’ ने प्रकाशित की तो कई संवेदनशील लोग मदद को आगे आए।
इनमें पैनेशिया अस्पताल की प्रबंधक पूनम श्रीवास्तव और उनके पति रतनजी श्रीवास्तव महत्वपूर्ण कड़ी बने। शादी के लिए जरूरी खरीदारी कराने के बाद बृहस्पतिवार को पूनम ने अपनी कार से वीना और उनकी बेटी को मुजफ्फरपुर उनके मायके भेजा। पूनम 23 नवंबर को शादी में पहुंचकर कन्यादान भी करेंगी। उनसे विदा लेते वक्त वीना की आंखों में सहायता के प्रति आभार के आंसू थे। बता दें, वीना के मददगारों में कायस्थ वाहिनी के उपाध्यक्ष विनोद श्रीवास्तव और उनकी पत्नी व सिया स्वयंवर डॉट कॉम की निदेशक रेखा और चित्रगुप्त समिति धर्मपुर के जगदीश वर्मा, प्रदीप श्रीवास्तव और संजय श्रीवास्तव भी शामिल हैं।