गोरखपुर। यूपी में अनुदेशक भर्ती कराए जाने की मांग के साथ गोरखनाथ मंदिर परिसर पहुंचे बीपीएड डिग्री धारकों की शनिवार को पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। मुख्यमंत्री से मुलाकात न होने से भड़के डिग्री धारक मंदिर परिसर में धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस कर्मियों ने रोकने की कोशिश की तो बहस होने लगी। इससे गुस्साए पुलिस कर्मियों ने लाठी पटककर डिग्री धारकों को खदेड़ा। बीपीएड एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र पांडेय सहित कई लोगों के कालर पकड़कर खींचे गए। गोरखनाथ पुलिस ने इस मामले में चार लोगों पर मारपीट, सरकारी काम में बाधा, लोकसेवक से बदसलूकी और 7सीएलए की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिसिया कार्रवाई से थोड़ी देर के लिए परिसर में अफरा तफरी का माहौल हो गया था। इस कार्रवाई पर बीपीएड डिग्री धारकों ने पुलिस अफसरों की भूमिका पर सवाल खड़े किए।
यूपी के अलग-अलग जिलों से बीपीएड डिग्री धारक सीएम से मिलने गोरखनाथ मंदिर पहुंचे थे। सभी को एकत्र करने के लिए व्हाट्स एप ग्रुप का सहारा लिया गया और दर्शनार्थी के रूप में मंदिर पहुंचने की बात कही गई। इसकी भनक पुलिस को पहले से लग गई। जब बीपीएड डिग्रीधारक पहुंचे तो सीओ गोरखनाथ प्रवीण सिंह ने उन्हें रोका और दो लोगों के प्रतिनिधिमंडल बनाकर मुख्यमंत्री के ओएसडी से मुलाकात कराने का भरोसा दिलाया। लेकिन बीपीएड डिग्रीधारक मुख्यमंत्री से मिलने के लिए अड़े रहे। इसी बात पर बहस हुई और तीखी नोकझोंक होने लगी। मंदिर परिसर में शोर-शराबे से पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में बल प्रयोग करके बीपीएड डिग्री धारकों को खदेड़ा गया।
सिद्धार्थनगर के अवधबिहारी सिंह, महराजगंज के प्रदीप रौनियाल, संतकबीरनगर के दयाशंकर और प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि सपा सरकार में 32 हजार 22 अनुदेशक पद पर भर्ती की जानी थी। पहली काउंसलिंग चार अप्रैल 2017 को होनी थी लेकिन सरकार बदल गई। भाजपा सरकार आई तो भर्ती प्रक्रिया रोक दी गई। यह बेरोजगारों के लिए बड़ा झटका है। भर्ती प्रक्रिया शुरू हो, इसलिए मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश की गई लेकिन बात नहीं बन सकी। पुलिस अफसरों का रवैया तानाशाही हो गया है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र के भभईपुर निवासी धीरेंद्र यादव पुत्र रमाशंकर यादव, शाहपुर के बशारपुर निवासी देवेंद्र पांडेय पुत्र हरिप्रकाश, महराजगंज के कोतवाली थाना क्षेत्र के विस्मिलनगर निवासी कुलदीप त्रिपाठी पुत्र दुष्यंत, बलिया के पकड़ी थाना क्षेत्र के बाक्षापार निवासी अरुणेंद्र राय पुत्र निर्भय नारायण की गिरफ्तारी की गई है।
गुहार लगाते रहे पर अफसरों ने नहीं सुना
बीपीएड डिग्री धारक सीओ और अन्य पुलिस वालों के सामने मुख्यमंत्री से मिलने के लिए गुहार लगाते रहे। उन्होंने प्रतिनिधि मंडल के रूप में सीएम से मिलने की बात कही। लेकिन पुलिस अफसर नहीं माने। मुख्यमंत्री के पिछले दौरे के दौरान भी बीटीसी अभ्यर्थियों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया था। जानकारी होने के बाद मुख्यमंत्री ने उनसे खुद ही मुलाकात की थी।
खुफिया जानकारी मिलने पर सतर्क थी पुलिस
सीओ गोरखनाथ के मुताबिक एलआईयू और पुलिस अफसरों को सटीक जानकारी मिली थी कि बीपीएड डिग्री धारक उग्र होकर अंदर जा सकते हैं। इस वजह से उन्हें रोका गया था। बल प्रयोग नहीं किया गया था। आपाधापी फैलाने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।