गोरखपुर। गोरखपुर यूनिवर्सिटी में बीए में प्रवेश के अंतिम दिन प्रवेश कार्य में लगे पीएचडी धारक के अमर्यादित शब्द कहने पर छात्रों ने जमकर हंगामा किया। मुख्य नियंता प्रो गोपाल प्रसाद और बीए प्रवेश प्रभारी प्रो हिमांशु चतुर्वेदी के हस्तक्षेप के बाद पीएचडी डिग्रीधारक ने माफी मांगी, जिसके बाद हंगामा समाप्त हुआ। इस दौरान आधे घंटे तक प्रवेश कार्य भी बाधित हुआ।
दीक्षा भवन में मंगलवार को बीए प्रथम वर्ष में प्रतीक्षा सूची के पिछड़ा वर्ग व एससी, एसटी के अभ्यर्थियों का प्रवेश था। काफी देर तक अभ्यर्थियों को नहीं बुलाए जाने पर छात्र परेशान हो गए। इसी बीच शिवशंकर गौंड समर्थकों के साथ पहुंच गए और अभ्यर्थियों का प्रवेश जल्द कराने का दबाव बनाने लगे। मुख्य नियंता और बीए प्रवेश प्रभारी से अभी वार्ता चल रही थी कि प्रवेश कार्य में लगे पीएचडी डिग्री धारक अजय ने कुछ अमर्यादित शब्द कह दिए। इसके बाद छात्र भड़क उठे और हंगामा शुरू कर दिया। शिवशंकर गौंड ने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन अभद्रता व गुंडई पर उतर आया है। सम्मान से खिलवाड़ नहीं होने देंगे।
इस दौरान आलोक सिंह, अमित सिंहानिया, अनूप यादव, सचिन शाही, अरुण यादव, आर्या यादव, सत्येंद्र भारती, सूरज, तन्मय, सत्यपाल सिंह आदि मौजूद रहे।