गोरखपुर। निर्माणाधीन एम्स परिसर में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम एम्स से रामगढ़ताल तक बने नाले का सर्वे कराएगा। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश सिंह ने बताया कि सर्वे के बाद नाले पर जितने भी अतिक्रमण हैं, उन्हें ध्वस्त किया जाएगा।
दरअसल गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर महादेव झारखंडी के पास एम्स का निर्माण हो रहा है, लेकिन इसके परिसर में बारिश के चलते जलभराव हो जा रहा है। समस्या के निदान के लिए जब नगर निगम की टीम ने जांच की तो पाया कि एम्स परिसर से रामगढ़ताल तक बने नाले पर कई जगह अतिक्रमण किया गया है। नगर आयुक्त ने बताया कि शनिवार को टीम एम्स परिसर से रामगढ़ताल तक बने नाले का सर्वे करेगी। इसके बाद रविवार को अतिक्रमण हटाया जाएगा। दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।