सिद्धार्थनगर। जिला पंचायत में पूर्वांचल विकास निधि, राज्य वित्त सहित अन्य मदों से एक ही काम के नाम बदलकर तीन बार टेंडर कर भुगतान होने के मामले की जांच शुरू हो गई है। शोहरतगढ़ विधायक और कई जिला पंचायत सदस्यों की शिकायत के बाद शासन के अपर मुख्य सचिव के निर्देश पर डीएम ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। टीम ने गुरुवार को जिला पंचायत पहुंचकर रिकार्ड देखे और टीम जरूरी दस्तावेज साथ ले गई।
विधायक शोहरतगढ़ अमर सिंह चौधरी, सदस्य जिला पंचायत वार्ड नंबर-2 , वार्ड नंबर-7 अजय सिंह, वार्ड नंबर 43 के मोहम्मद उमर व वार्ड नंबर 45 की किसमाती देवी ने शासन को पत्र भेजकर शिकायत की थी कि जिला पंचायत में पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में जिला पंचायत से पूर्वांचल विकास निधि व राज्य वित्त के तहत हुए कार्यों में भारी अनियमितता बरती गई है। कई ऐसे काम हैं, जिन पर पूर्व में भी दूसरे मदों से काम कराया गया। नाम बदलकर फिर से उसी काम पर दोबारा टेंडर करा दिया गया है।
शिकायत को संज्ञान में लेने के बाद शासन के अपर मुख्य सचिव चंचल कुमार तिवारी ने डीएम कुणाल सिल्कू को प्रकरण की जांच कराने का निर्देश दिया। डीएम ने निर्देश के अनुपालन में सीडीओ अनिल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम का गठन किया। टीम में सदस्य के रूप में वरिष्ठ कोषाधिकारी विनोद कुमार व एक्सईएन पीडब्लूडी बांसी प्रखंड राजेश कुमार को शामिल किया गया है। एक्सईएन पीडब्लूडी बांसी खंड राजेश कुमार ने कहा कि शासन के निर्देश पर जिला पंचायत के कराए गए कार्यों की जांच की जा रही है। कई फाइलों का निरीक्षण किया गया है। कुछ फाइलें मांगी गई है। जल्द ही जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी जाएगी।