इटवा(सिद्धार्थनगर)।त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के जिगना हबीबपुर गांव में सोमवार को पैंट की जेब में रखे मोबाइल फोन की बैटरी में विस्फोट होने से किशोर जख्मी हो गया। उसे निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है।
जिगना हबीबपुर गांव निवासी प्रताप भारती के पुत्र मंजीत (13) के पास पुराना चाइनीज मोबाइल फोन था। सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे मंजीत ने फोन चार्जिंग से निकालकर पैंट की जेब में रखा। कुछ ही देर बाद अचानक तेज धमाके के साथ मोबाइल की बैटरी में विस्फोट हाे गया, जिससे मंजीत की जांघ में गंभीर घाव हो गया है। आसपास के लोगों की मदद से उसे एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार हो रहा है।
मोबाइल फटने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस बारे में मोबाइल आपरेटर कृष्णा मौर्या ने बताया कि कभी-कभी जेब में सिक्के पड़े होने पर मोबाइल में घर्षण होता है, जिससे मोबाइल गर्म होकर विस्फोट कर जाता है। मोबाइल को अधिक चार्ज किए जाने पर भी विस्फोट की आशंका बनी रहती है। किसी किसी मोबाइल में टूटी मेमोरी चिप लगाने पर भी फटने की संभावना रहती है।