महाशिवरात्रि का पर्व मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया जाएगा। इसे लेकर शहर के शिव मंदिर और शिवालय सजाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समितियों के स्वयं सेवकों ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिरों में बैरिकेटिंग के अलावा पूरे दिन साफ सफाई का विशेष ध्यान दिया गया।
महाशिवरात्रि के मद्देनजर रविवार से ही मंदिरों में तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। सोमवार को पूरे दिन शहर के विभिन्न शिव मंदिरों के स्वयं सेवक महाशिवरात्रि की तैयारियों को अंतिम रूप देने मेें लगे रहे। महादेव झारखंडी मंदिर व मुक्तेश्वर नाथ मंदिर राजघाट में बड़ी संख्या में पुलिस बल और नगर निगम के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। मंदिर के उत्तर व दक्षिण वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। नागरिक सुरक्षा कोर, मंदिर समितियों व अन्य स्वयं सेवी संस्थाओं के कैंप मंदिर परिसर में लग चुके हैं।
वहीं नगर निगम की टीम मंदिरों की सफाई व चूना छिड़काव में लगी रही। मंदिर समितियां, जिला व पुलिस प्रशासन भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा की तैयारियों में लगे रहे। दुकानों के आस-पास श्रद्धालुओं के लिए भांग-धतूरे व बेलपत्रों की दुकानें भी सज चुकी हैं। मंदिरों के आस-पास के सभी हैंडपंपों को भी सही कर दिया गया है, जिससे किसी श्रद्धालु को जलाभिषेक करने में कोई परेशानी न हो।
शिव-पार्वती के विवाह की है मान्यता
पौराणिक कथाओं के अनुसार मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव और देवी पार्वती का विवाह हुआ था। इस लिए इस दिन का महत्व है। पुराणों में फाल्गुन महीने की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी साल की सभी रातों में खास बताया गया है।
अजब-गजब संयोग
महाशिवरात्रि के मौके पर इस बार अजब संयोग बना है। लोगों में 13- 14 तारीख को लेकर भ्रम बना हुआ था। हालांकि, पुरोहितों ने 13 फरवरी को ही महाशिवरात्रि मनाने के लिए कहा। 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के रूप में मनाया जाता है। महाशिवरात्रि और वैलेंटाइन एक दिन के अंतर पर होने में लोग सोशल साइट पर मजेदार मैसेज का भी आदान-प्रदान कर रहे हैं। कुछ मैसेज यू ट्रोल हो रहे हैं।
प्रेमिका- डियर कहां हो?
प्रेमी- 14 फरवरी की खरीददारी कर रहा हूं
प्रेमिका- सो स्वीट, वैसे क्या-क्या खरीदा है?
प्रेमी- भांग, धतूरा, विल्वपत्र, शमी का फूल, जनेऊ, शहद
प्रेमिका- एक काला नाग खरीद कर गले में लटका लेना
दिनभर की सड़क की मरम्मत की
शहर में सबसे बड़े और प्रमुख शिवालयों में झारखंडी महादेव का महत्व सबसे अधिक माना जाता है। श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसका खास ध्यान रखा जा रहा है। झारखंडी मंदिर की तरफ जाने वाली रोड पर गड्ढों को पाटने का काम सोमवार को पूरे दिन किया गया। रविवार को सदर विधायक आरएमडी अग्रवाल ने भी मंदिर का निरीक्षण कर निर्देश दिया था।
यहां भी होगा जलाभिषेक
गोरखनाथ मंदिर स्थित शिव मंदिर। बगहा बाबा मंदिर, रुस्तमपुर। शिव मंदिर, बड़े काजीपुर। शिव मंदिर, छोटे काजीपुर। शिव मंदिर, धर्मशाला। शिव मंदिर, जटाशंकर। गोपाल मंदिर, मोहद्दीपुर। हनुमान मंदिर, बेतियाहाता। शिव मंदिर, शिवपुरी। शिव मंदिर, जगन्नाथपुर।
मंदिर में साफ-सफाई कर महाशिवरात्रि के लिए विशेष तौर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा गया है।
- भगवती दास, मुख्य पुजारी, झारखंडी महादेव मंदिर
मंदिर में शिवरात्रि का तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए जाने वाले बिल्वपत्र, पुष्प आदि के लिए गड्ढा खोदा गया है, जिसमें इन्हें डाल दिया जाएगा।
- झिनकू प्रसाद, पुजारी, मुक्तेश्वरनाथ मंदिर
शिवालयों की सफाई व्यवस्था में जुटे रहे नगर निगम कर्मी
महाशिवरात्रि पर नगर निगम शिव मंदिरों की सफाई में जुटा रहा। मेयर के साथ नगर आयुक्त ने शहर के विभिन्न शिव मंदिरों की सफाई का जायजा लिया। साथ ही निगम के अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम करने का निर्देश दिया। सोमवार को मेयर सीताराम जायसवाल और नगर आयुक्त प्रेमप्रकाश सिंह ने शहर के अन्य अधिकारियों के साथ महादेव झारखंडी मंदिर, मुक्तेश्वरनाथ मंदिर बर्फखाना चौराहा, मानसरोवर मंदिर रामलीला मैदान गोरखनाथ समेत अन्य मंदिरों की सफाई का जायजा लिया। इस दौरान मेयर ने नगर आयुक्त को सभी मंदिरों के सामने सफाई करने, चूना डालने का निर्देश दिया। वहीं जलकल के अधिकारियों को मंदिरों के पास पानी के टैंकर लगाने का निर्देश दिया। जलकल के सहायक अभियंता अनूप सिंह ने कहा कि शहर के मंदिरों के पास कुल 14 टैंकर लगाए जाएंगे। वहीं जहां पानी की सप्लाई है, उसे दुरुस्त कर दिया गया है।