स्कूल में बंद छात्रा अपनी मां के साथ।
- फोटो : Amar Ujala
भटहट के महरी जूनियर हाईस्कूल में कक्षा आठ की छात्रा अनुपमा (14) को परीक्षा के बाद क्लास रूम में बंद कर शिक्षकों और स्टॉफ के घर चले जाने के मामले में बीएसए राम सागर पति त्रिपाठी ने लापरवाही बरतने के आरोप में प्रभारी प्रिंसिपल प्रतिमा श्रीवास्तव और कक्ष निरीक्षक स्मिता श्रीवास्तव को सस्पेंड कर दिया है। मामले की जांच नगर शिक्षाधिकारी ब्रह्मचारी शर्मा को सौंपी गई है।
बीएसए ने बुधवार की सुबह करीब 11 बजे स्कूल जाकर जांच की और पीड़ित छात्रा व उसके अभिभावकों से मुलाकात की। सोमवार को दूसरी पॉली में संस्कृत की परीक्षा देने वाली अन्य विद्यार्थियों से भी पूछताछ की गई। इस दौरान सात शिक्षकों में चार अवकाश पर थीं। बीएसए ने बताया कि छानबीन में पता चला है कि परीक्षा खत्म होने पर कॉपियों का मिलान नहीं किया गया था, प्रभारी प्रिंसिपल और कक्ष निरीक्षक स्मिता श्रीवास्तव कक्षा में गई ही नहीं। प्रथम दृष्टया उनकी लापरवाही सामने आई है जिसके आधार पर कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि छात्रा की तबियत ठीक है और बुधवार को अंग्रेजी की परीक्षा में शामिल भी हुई है। जांच अधिकारी से जांच रिपोर्ट मांगी गई है जिसे डीएम के सामने प्रस्तुत कर उनके निर्देश पर आगे की कार्रवाई होगी।