गोरखपुर।
अब दिव्यांगों को ट्रेनों में सफर के दौरान दिक्कतें नहीं होंगी, रिजर्वेशन के समय ही उन्हें लोअर बर्थ आवंटित हो जाएगा। स्लीपर कोच में यह व्यवस्था पहले से लागू है, अब एसी-3 कोच में भी कोटा रिजर्व करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए ट्रेनों में लोअर बर्थ की स्थिति का ब्यौरा जुटाने में रेल प्रशासन लगा है। जल्द ही यह सुविधा शुरू करने की तैयारी है।
बुजुर्ग और महिलाओं के लिए ट्रेनों में लोअर बर्थ का कोटा पहले से ही आरक्षित किया गया है। दिव्यांगों के लिए यह सुविधा सिर्फ स्लीपर कोच में है। जल्द ही उन्हें एसी-3 कोच में भी सुविधा मिलेगी। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर क्रिस ने रिजर्वेशन के साफ्टवेयर को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूर्वोत्तर रेलवे के वाणिज्य विभाग में सभी ट्रेनों में लगने वाले एसी कोच, लोअर बर्थ की स्थिति और पहले से तय कोटा का ब्यौरा जुटाया जा रहा है। गोरखपुर से करीब 135 एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं। इस महीने तक यह ब्यौरा क्रिस को अपडेट करा दिया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने बताया कि दिव्यांगों को स्लीपर की तरह ही एसी-3 कोच में लोअर बर्थ आवंटित किया जाएगा। इसे लेकर तैयारी चल रही है।