गोरखपुर। आईपीएल की तर्ज पर आतिफ प्रीमियर लीग और आतिफ कारपोरेट लीग का आयोजन जुलाई माह में एंड्रयूज क्रिकेट ग्राउंड पर होने जा रहा है। कार्पोरेट लीग वेटरन खिलाड़ियों के लिए तथा प्रीमियर लीग युवा खिलाड़ियों के लिए होगी। प्रीमियर लीग की विजेता टीम को 50 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 35 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि वेटरंस के लिए आयोजित कारपोरेट लीग की विजेता को 40 हजार व उपविजेता को 25 हजार रुपये दिए जाएंगे।
आतिफ प्रीमियर लीग के लिए फ्रेंचाइजी की ओर से खिलाड़ियों की बोली लगाई जाएगी। टीम बनाने के लिए अधिकतम 30 हजार रुपये खर्च करने होंगे। खिलाड़ियों की बेस प्राइज एक हजार रुपये होगी। प्रत्येक फ्रेंचाइजी को अपनी टीम के अंतिम एकादश में दो खिलाड़ी अंडर 19 के तथा एक खिलाड़ी अंडर 16 का रखना अनिवार्य होगा। आतिफ प्रीमियर लीग के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण एक हजार रुपये में होगा। कारपोरेट लीग के लिए प्रवेश शुल्क 20 हजार रुपये रखा गया है। फ्रेंचाइजी टीम बनाने के लिए तीन हजार रुपये देने होंगे। आयोजन सचिव आकाश सिंह ने बताया कि आतिफ प्रीमियर लीग में जिन पंजीकृत खिलाड़ियों की बिक्री नहीं होगी, उन्हें भी प्रतियोगिता में खेलने का अवसर दिया जाएगा।