देवरिया बाईपास पर बारिश के दौरान वाहन का इंतजार करते लोग।
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर। मंगलवार की शाम से रुक-रुककर हो रही बारिश और सर्द हवाओं से ठंड बढ़ गई। बुधवार को 9.4 मिमी बारिश हुई। बादलों ने पूरे दिन सूरज को ढके रखा। नतीजतन, मंगलवार को 24.3 डिग्री की तुलना में बुधवार का अधिकतम तापमान करीब सात डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क कर 17.6 पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस रहा। इसमें भी करीब डेढ़ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यही वजह रही कि दिन में भी लोगों को सामान्य से ज्यादा ठंड लगती रही। अधिकतम तापमान अगर करीब एक डिग्री और नीचे आ जाता तो बुधवार सीजन का पहला कोल्ड डे दर्ज किया जाता।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि बृहस्पतिवार को भी बारिश के आसार हैं। इसी तरह का एक दूसरा सर्कुलेशन पूर्वी अफगानिस्तान के ऊपर सक्रिय है। 24 जनवरी को इसके पश्चिमी हिमालयी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक पहुंचने की संभावना है। 26 जनवरी तक इसके गोरखपुर पहुंचने की उम्मीद है। इससे गोरखपुर में गणतंत्र दिवस और 27 जनवरी को भी बारिश हो सकती है।
मंडी में कीचड़, व्यापार प्रभावित
बारिश से महेवा गल्ला व फल मंडी में जगह-जगह कीचड़ भर गया। व्यापारियों ने बताया कि दुकानों के सामने कीचड़ से व्यापार भी प्रभावित हुआ। फल व्यवसायी गुड्डू और चंद्रिका गुप्ता का कहना था कि सर्वाधिक नुकसान फल व्यवसायियों का हुआ। थोड़ी सी बारिश में ये हाल है तो बारिश के मौसम में क्या होगा?
किसानों के चेहरे खिले, श्रम-खर्च कम हुआ
मंगलवार और बुधवार की बारिश किसान गेहूं की फसल के लिए अमृत मान रहे हैं। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक ज्यादातर किसानों ने अभी खेतों में पानी नहीं चलाया था। बारिश होने से फसल तो बेहतर होगी ही किसानों का श्रम और डीजल पर होने वाला खर्च भी बचेगा। यह बारिश गन्ने की फसल के लिए भी अच्छी है। हालांकि ज्यादा पानी बरसने पर आलू की फसल को नुकसान की आशंका है। वहीं कई दिन की बदली से सरसों की फसल को माहो नुकसान पहुंचा सकते हैं।
पहली बारिश और पूरी रात गुल रही बिजली
गोरखपुर। मंगलवार शाम से रुक-रुककर हो रही बारिश से कई उपकेंद्रों के इंसुलेटर पंचर हो गए। बक्शीपुर, रुस्तमपुर, रानीबाग, पादरी बाजार, मोहद्दीपुर, खोराबार उपकेंद्र के उपभोक्ताओं को पूरी रात आपूर्ति ठप होने से परेशान होना पड़ा। कई इलाकों में बुधवार सुबह 11.30 बजे आपूर्ति शुरू हुई तो बेतियाहाता और तारामंडल इलाके में शाम तक लोग बिजली का इंतजार करते रहे। वहीं शाहपुर के मुहम्मदनगर गेट पर लगा 100 केवीए के ट्रांसफार्मर में बुधवार को आग लग गई। आननफानन बिजली की सप्लाई रोक कर आग बुझायी गई। इससे लगभग एक घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। अधीक्षण अभियंता शहरी एके सिंह ने बताया कि बारिश से पुराने इंसुलेटर पंचर हो गए। बारिश की वजह से रात में फाल्ट खोजने में समय भी लग गया।