100 बेड के मेटरनिटी विंग का सीएम करेंगे उद्घाटन
- 27 जनवरी को तय हुआ कार्यक्रम, सीएमओ ने परखी तैयारियां
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। सीएम जल्द ही लोगों को महिला अस्पताल परिसर में बना 100 बेड मेटरनिटी विंग का तोहफा देंगे। उनका कार्यक्रम तय हो गया है। सीएम 27 जनवरी को इस अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद गर्भवती, प्रसूता और नवजात को इलाज की बेहतर सुविधा मुहैया होगी। रात में भी ऑपरेशन किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय से उद्घाटन कार्यक्रम तय होने के बाद शनिवार की सुबह सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने 100 बेड मेटरनिटी विंग का निरीक्षण किया। सीएमओ अस्पताल में लगी मशीनों की व्यवस्था से नाराज हुए। हिंदुस्तान लेटेक्स लिमिटेड (एचएलएल) के लोगों को मशीनें व्यवस्थित ढंग से लगाने को कहा। पुराने परिसर के रंगरोगन का भी निर्देश दिया। सीएमओ ने बताया कि उद्घाटन के लिए सारी तैयारियां दो दिन में पूरी कर ली जाएंगी। निरीक्षण के दौरान एसआईसी डॉ. एके श्रीवास्तव, पूर्व एसआईसी डॉ. डीके सोनकर भी मौजूद रहे।
आज आएगी एक्सरे मशीन
100 बेड मेटरनिटी विंग में एक्सरे की सुविधा भी होगी। रविवार को एचएलएल एक्सरे मशीन स्थापित करेगा। एचएलएल जल्द से जल्द काम खत्म करने के लिए कर्मचारी भी बढ़ा रहा है।