फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महामहिम कल शहर में, तैयारियां अंतिम पड़ाव पर

Sat, 08 Dec 2018 12:52 AM IST
अमर उजाला/गाोरख्ापुर
विज्ञापन
सड़कों की मरम्मत और रूट पर लाइट की सजावट का काम तकरीबन पूरा हो चुका है। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
गोरखपुर। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उनकी पत्नी सविता कोविंद के आगमन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सड़कों की मरम्मत और रूट पर लाइट की सजावट का काम तकरीबन पूरा हो चुका है। राष्ट्रपति जिस रूट से गुजरेंगे, वहां की सजावट देखने लायक होगी। सजावटी स्ट्रीट लाइट की दूधिया रोशनी से एयरपोर्ट से सर्किट हाउस और वहां से मंदिर तक की सड़क नहा उठी है। डिवाइडरों और फुटपाथ को रंगा जा रहा है तो सड़क किनारे से सभी होर्डिंग, बैनर, पोस्टर हटा दिए गए हैं। सर्किट हाउस और गोरखनाथ मंदिर को भी चमकाया जा रहा है।
विज्ञापन


राष्ट्रपति रविवार की शाम 4:55 बजे आ जाएंगे। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन सोमवार को महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के संस्थापक सप्ताह समारोह के समापन पर गोरखनाथ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुबह 11:30 बजे वह दिल्ली लौट जाएंगे। शुक्रवार को राष्ट्रपति के विशेष दस्ते के ज्यादातर अफसर गोरखपुर पहुंच गए। उन्होंने स्थानीय अफसरों के साथ दोपहर में मंदिर के साथ ही सर्किट हाउस, संबंधित रूट और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। आसपास के जिलों के एडीएम, एसडीएम और पुलिस विभाग के अफसर भी गोरखपुर पहुंच गए हैं। शाम को डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने भी मंदिर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल, सेफ हाउस आदि का निरीक्षण किया।

शंखनाद और वेदमंत्रों से होगा राष्ट्रपति का स्वागत

गोरखपुर। महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद द्वारा संचालित संस्कृत विद्यालयों के 101 विद्यार्थी वेदमंत्रों और शंखनाद के बीच महामहिम और देश की पहली महिला का गोरखनाथ मंदिर में स्वागत करेंगे। राष्ट्रपति की कार गोरखनाथ मंदिर के मुख्यद्वार से प्रवेश करेगी। श्रीनाथ मंदिर के समक्ष रेड कारपेट पर राष्ट्रपति उतरेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति, उनकी पत्नी, राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ गुरु गोरक्षनाथ एवं अखंड ज्योति का दर्शन करेंगे। वहां से ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ एवं ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ का दर्शन करने के बाद वे गोरक्षपीठाधीश्वर कक्ष में योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक कर प्रसाद ग्रहण करेंगे। इस दौरान महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. यूपी सिंह समेत कुल 26 लोग मौजूद रहेंगे। स्मृति भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के मंच पर राष्ट्रपति, उनकी पत्नी, राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत पांच लोग ही रहेंगे। इस दौरान 52 विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। राष्ट्रपति 10 प्रतिभागियों को पुरस्कार देंगे। सभाकक्ष में 1200 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

सेफ हाउस, ग्रीन रूम तैयार, सुरक्षाकर्मियों को मिली इसांस और एसएलआर

गोरखनाथ मंदिर परिसर में स्थित पुरानी धर्मशाला के कक्ष संख्या आठ में सेफ हाउस, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर स्थित शिक्षा परिषद के अध्यक्ष यूपी सिंह के कक्ष में ग्रीन रूम बनाए गए हैं। मंदिर परिसर में 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। मंदिर के सुरक्षा कर्मियों को राइफ ल के स्थान पर आटोमेटिक हथियार इसांस और एसएलआर मुहैया करा दी गई है।

मुख्य सचिव ने भी जांची तैयारी

प्रदेश के मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय ने भी शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियां जांचीं। उनके ठहरने से लेकर निर्धारित रूट और मंदिर की तैयारियों के बारे में जानकारी लेने के बाद उन्होेंने निर्देश दिए कि कहीं पर कोई कमी न रह जाए। अफसर सतर्क रहें और राष्ट्रपति व प्रदेश के आला अफसरों से समन्वय बनाते हुए यह सुनिश्चित करें कि कहीं कोई दिक्कत न हो।

सर्किट हाउस में हॉट लाइन की सुविधा

राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर सर्किट हाउस में हॉट लाइन की भी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए बीएसएनल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहां नेटवर्किंग की कोई दिक्कत न हो, इसलिए एनआईसी के अफसरों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें