गोरखपुर। मोहद्दीपुर से जंगल कौड़िया तक फोरलेन के निर्माण में बाधक बन रहीं गोरखनाथ मंदिर परिसर और उसके आसपास की दुकानें तोड़ी जाएंगी। सभी दुकानदारों को नोटिस दिया जा चुका है। सबकी फोटोग्राफी भी कराई गई है। मंदिर के आसपास की सड़कों की चौड़ाई 20 मीटर की जाएगी। अभी सड़कें सिर्फ सात मीटर चौड़ी हैं।
मोहद्दीपुर से जंगल कौड़िया के बीच 17.5 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। इस पर 312 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नेशनल हाइवे ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। गोरखनाथ मंदिर के आसपास की सड़कों की दोनों पटरियां 10-10 मीटर की रहेंगी।
कहीं 20 तो कहीं 40 मीटर चौड़ी सड़क
चिउंटहा बाजार से शुरू होकर सड़क मोहद्दीपुर स्थित वीरेंद्र प्रताप शाही की मूर्ति के पास तक बनेगी। शुरुआत के डेढ़ किलोमीटर तक सड़क की दोनों पटरी 13.5-13.5 मीटर चौड़ी होगी। इसके बाद मानीराम तक दोनों तरफ की सड़क 10-10 मीटर चौड़ी की जाएगी। मानीराम रेलवे क्रॉसिंग के पास रेल ओवर ब्रिज बनेगा, जहां दोनाें तरफ की सड़क 20-20 मीटर (कुल 40 मीटर) चौड़ी होगी। मानीराम के आगे डेढ़ किलोमीटर तक सड़क 13-13 मीटर चौड़ी होगी। गोरखनाथ मंदिर से धर्मशाला बाजार तक सड़क की चौड़ाई दोनों पटरियां मिलाकर 20 मीटर रहेगी। धर्मशाला बाजार के आगे 22 मीटर और रोडवेज बस स्टेशन से उद्यान विभाग कार्यालय तक की सड़क 24 मीटर चौड़ी की जाएगी।
पांच बार हुआ टेंडर, इस बार मिला ठेकेदार
17.5 किलोमीटर लंबे इस फोरलेन का अधिकतर हिस्सा शहर से होकर गुजरेगा। यह सड़क सीमेंटेड होगी। सड़क को बनाने के लिए पांच बार टेंडर निकाला गया लेकिन कोई ठेकेदार आगे नहीं आया। अब लखनऊ की एक कंपनी ने ठेका लिया है। विभाग के मुताबिक जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।