दंगल प्रतियोगिता के विजेताओं को सीएम ने सम्मानित किया।
- फोटो : Amar Ujala
उत्तर प्रदेश में तीन हजार करोड़ रुपये की लागत से खेल अकादमी बनवाई जाएगी। इससे न सिर्फ खेल बल्कि खिलाड़ियों को भी फायदा होगा। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को निखारने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। खिलाड़ी इसका फायदा उठाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करें।
यह एलान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। खजनी के चतुर बंदुआरी गांव में जिला कुश्ती संघ की ओर से आयोजित दो दिवसीय यूपी केसरी कुश्ती प्रतियोेगिता के समापन समारोह में उन्होंने कहा कि कुश्ती मिट्टी से जुड़ा खेल है। इसे बढ़ावा दिया जा रहा है। आबादी के लिहाज यूपी देश का सबसे बड़ा राज्य है। यहां बड़ी आबादी गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करती है। सरकार सभी का जीवन स्तर सुधारने का काम कर रही है।
खेल मंत्री चेतन चौहान ने कहा कि खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। यह काम 25 सालों से बंद था। इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा। यही नहीं, सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर के पुरस्कृत और रिटायर खिलाड़ियों को प्रतिमाह 20-20 हजार रुपये पेंशन दे रही है। इस मौके पर बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान, विधायक संत प्रसाद, विधायक जटाशंकर त्रिपाठी, विधायक शीतल पांडेय, खेल निदेशक आरपी सिंह, दिनेश सिंह, मायाशंकर शुक्ल, भाजपा के जिलाध्यक्ष जर्नादन तिवारी आदि मौजूद रहे।