मेंहदावल(संतकबीरनगर)। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं में भ्रष्टाचार हुआ तो अधिकारी हर हाल में नपेंगे। योजना पारदर्शी व भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए सरकार के साथ ही अधिकारी भी संकल्पित हो जाएं। मेंहदावल तहसील परिसर में फसल ऋण मोचन योजना के तहत लाभार्थियों को ऋण मोचन प्रमाण पत्र वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि विधायक राकेश सिंह बघेल ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने लघु व सीमांत किसानों को कृषि लोन के कर्जमाफी की बात कही थी। किसानों से किए वादे को मुख्यमंत्री पूरा कर रहे हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों के विकास व उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर रही है, जिसका लाभ किसानों को उठाना चाहिए। सरकार निष्पक्ष कार्य करते हुए भ्रष्टाचार मुक्त योजनाओं को संचालित करने के लिए संकल्पित है। सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार हुआ तो अधिकारी बख्शे नही जाएंगे। जो अधिकारी सराहनीय कार्य करेगा वह पुरस्कृत होगा और जो गलत करेगा वह दंडित होगा। डीएम मार्कंडेय शाही ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों के कर्जमाफी के साथ ही ऋण मोचन प्रमाण पत्र सौंप कर सराहनीय कार्य कर रही है। जब किसान आत्मनिर्भर होगा तभी देश तरक्की करेगा। कार्यक्रम में 1700 किसानों को ऋण माफी के प्रमाण पत्र दिए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा, सीडीओ हाकिम सिंह, लालजी शुक्ला, एसडीएम प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, तहसीलदार राजेश गुप्ता, थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी, रामभवन यादव, अरुण सिंह, फूलचंद्र चौधरी, विवेकानंद वर्मा, दीपक शुक्ला, अतुल सिंह सिंटू, सर्वेश तिवारी,शेष प्रताप सिंह आदि लोग उपस्थित रहें।
मंच को लेकर चौकन्ना रहा प्रशासन
मेंहदावल। जिला मुख्यालय पर पिछले दिनो प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम के दौरान मंच टूटने की घटना को लेकर हुई किरकिरी से बचने के लिए मेंहदावल में आयोजित ऋण मोचन प्रमाण पत्र समारोह के लिए बनाये गये मंच पर विधायक, डीएम, पुलिस अधीक्षक, सीडीओ व एसडीएम को छोड़कर तहसीलदार से लेकर भाजपा नेता तक मंच पर सिरकत नही कर पाए। यहां तक कि मंच की ऊंचाई अधिक होने के कारण मीडिया को भी मंच पर चढ़कर फोटो लेने की मनाही रही।