संतकबीरनगर। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं काम छोड़कर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गईं। जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद के परिसर में धरना के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं ने राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने व मानदेय बढोत्तरी की मांग की। इस संबंध में एसडीएम सदर का ज्ञापन सौंपा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं सुबह नौ बजे जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। जिलाध्यक्ष सरोज सिंह ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान वादा किया था कि उनकी सरकार बनी तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा और मानदेय में बढ़ोत्तरी की जाएगी। इसके लिए 120 दिन का समय मांगा गया था। अब जबकि प्रदेश में भाजपा की सरकार है तो सरकार को अपना वादा पूरा करना चाहिए। 17 जुलाई को प्रदेश स्तर पर हुई वार्ता में भी सरकार के प्रतिनिधियों ने वादा पूरा करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं से विभागीय कार्य के अतिरिक्त भी कार्य लिए जा रहे हैं, लेकिन उनकी स्थिति मनरेगा मजदूरों से भी बदतर है। कहा कि सरकार जब तक हमारी मांगे पूरा नहीं करेगी तब तक धरना चलता रहेगा। धरने में अशोक आर्य, उषा चौधरी, अशोक राय, रघुनाथ प्रसाद, शिव बचन, वीरेंद्र चौधरी, विजय लक्ष्मी गौड़, सुमन देवी, आरती वर्मा, सरोज वर्मा, मीरा चौधरी, विमला शर्मा, शशिकला, बासमती, लालमती, सुमन, रीता, सुनीता, कृष्णा देवी आदि उपस्थित रहे।