गोरखपुर।
शहरियों को जाम से निजात दिलाने की कोशिश को तैयार किया गया नया प्लान बुधवार को कामयाब दिखा। शहर की दो सड़कों पर फोर व्हीलर वाहनों की इंट्री पर प्रतिबंध से जाम नहीं लगे। सीओ ट्रैफिक प्रवीण सिंह ने खुद ही इस योजना की कमान संभाली थी। इस दौरान सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों को यार्ड भेजकर सीज भी किया गया। कसया रोड से ठेले वाले भी किनारे कराए गए। इन सब वजहों से जाम नहीं लगा और लोगों ने राहत महसूस की।
नए रूट प्लान के तहत बेतियाहाता के पास से चार पहिया वाहनों को कैंट की ओर से नहीं जाने दिया जा रहा था। यहां पुलिस ने बैरियर लगा दिया था। सभी वाहन इलाहाबाद बैंक की ओर से घूमकर ही गए। सीओ ट्रैफिक ने वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया। इस दौरान उन्होंने कई गाड़ियां सीज कराईं। शास्त्री चौक से जिला अस्पताल की तरफ भी फोर व्हीलर वाहनों को नहीं जाने दिया गया। एसपी ट्रैफिक आदित्य वर्मा ने बताया कि कैंट से बेतियाहाता चौक की ओर सड़क पर ही फोर व्हीलर वाहनों के खड़े होने से जाम लगता था। अब इस मार्ग पर फोर व्हीलर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। जल्द ही कुछ अन्य मार्गों को भी वनवे किया जाएगा।