कैंपियरगंज।
कैंपियरगंज के दक्षिणी रेलवे क्रासिंग के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में दंपती घायल हो गए वहीं चार साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
चिलुआताल क्षेत्र के मोहरीपुर निवासी अनिल साहनी पत्नी पूनम और चार साल के बेटे शिवा को बाइक से लेकर कैंपियरगंज क्षेत्र में जा रहे थे। अभी वह कैंपियरगंज कस्बे में दक्षिणी रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर ही पहुंचे थे कि पीछे से आ रही अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने रौंद दिया। बाइक पर बैठा बच्चा दूर छिटक गया और उसकी मौत हो गई। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर फरार हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्राली को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कार चालक समेत दो घायल
खोराबार। खोराबार इलाके में कैथवलिया के पास कार और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक देवरिया के रेलवे रोड निवासी भोलानाथ पटेल और 14 वर्षीय किशोर असमत बरी घायल हो गए। अन्य लोगों को मामूली चोट आई। भोलानाथ देवरिया के एक परिवार को लेकर लखनऊ जा रहे थे।