बिजली गिरने से दो की मौत, दो झुलसे
फत्तेपुर और धनौती मठिया गांव में गिरी बिजली
रामपुर कारखाना में कपड़े की दुकान में लगी आग
अमर उजाला ब्यूरो
पकड़ी बाजार/रुद्रपुर। बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग झुलस गए। शनिवार की शाम हुई तेज बारिश के दौरान एक छात्र और एक अधेड़ बिजली की चपेट में आ गए, मौके पर दोनों की मौत हो गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, रामपुर कारखाना थाना के बैजनाथपुर चौराहे पर एक कपड़े की दुकान पर बिजली गिरने से दुकान में आग लग गई।
रुद्रपुर के फत्तेपुर गांव के अभयपुरा टोला के घनश्याम यादव का इकलौता बेटा 16 वर्षीय प्रिंस यादव कक्षा सात का छात्र था। शाम करीब छह बजे चचेरे भाई देवानंद पुत्र रामअशीष के साथ बारिश में नहा रहा था। तेज गरज के साथ बिजली गिरी, जिससे प्रिंस की मौके पर मौत हो गई। देवानंद गंभीर रूप से झुलस गया। दूसरी घटना पिपरा पुरुषोत्तम के धनौती मठिया गांव की है। 55 वर्षीय रमाशंकर यादव अपने बेटे के साथ दरवाजे पर बैठे थे। इस दौरान बिजली गिरने से रमाशंकर की मौत हो गई। साथ बैठा बेटा गंभीर रूप से झुलस गया। अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बनी है। दूसरी ओर, रामपुर कारखाना के रामपुर हिरामन निवासी रामभवन यादव बैजनाथपुर चौराहे के पास मकान बनवाकर उसी में कपड़े की दुकान चलाते हैं। शनिवार शाम 7.30 बजे बिजली कपड़े की दुकान में गिर गई। इससे आग लग गई। 22 हजार नकदी सहित तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।