गोरखपुर।
ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) के रिजल्ट में शहर के होनहारों का जलवा है। देश की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में पादरी बाजार के कुमार शुभम को 847वीं रैंक मिली है। उन्हें एम्स के एमबीबीएस कोर्स में एडमिशन मिल जाएगा। रसूलपुर की फाजिला परवेज की आल इंडिया रैंक 1076वीं और शगुन जायसवाल की रैंक 1632वीं है। सृष्टि मल्ल को 2248 वीं रैंक मिली है।
पादरी बाजार के श्रीरामनगर कॉलोनी निवासी कुमार शुभम ने बताया कि रोजाना छह से आठ घंटे की पढ़ाई से यह सफलता मिली है। घर में पढ़ाई को लेकर हमेशा बेहतर माहौल रहा। शिक्षक पिता अश्वनी सिंह ने पढ़ाई से जुड़े टिप्स दिए। परीक्षा में इसका लाभ मिला। पढ़ाई के दौरान कुमार शुभम सोशल मीडिया (फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम) से दूर रहे। एंड्रायड फोन का इस्तेमाल भी नहीं किया। शुभम ने कहा कि डॉक्टर बनने के बाद गरीबों का नि:शुल्क इलाज करेंगे। रसूलपुर की फाजिला परेवज ने चार घंटे की पढ़ाई से कामयाबी हासिल की है। उन्होेंने अपनी सफलता का श्रेय माता और पिता को दिया। एम्स में एडमिशन की काउंसिलिंग तीन जुलाई से शुरू होगी।
ये है काउसिंलिंग कार्यक्रम
फर्स्ट फेज : 3-6 जुलाई
सेकेंड फेज : 3 अगस्त
थर्ड फेज : 5 सितंबर
ओपेन काउंसिलिंग : 26 सितंबर
ये दस्तावेज जरूरी
कक्षा 12 की मार्कशीट, पासिंग सर्टिफिकेट, जन्म प्रमाण पत्र, माइग्रेशन सर्टिफिकेट, कैटेगरी सर्टिफिकेट, छह पासपोर्ट साइज फोटो, प्रवेश परीक्षा का एडमिट कार्ड, कॉल लेटर और खुद से प्रमाणित दस्तावेजों की फोटोकॉपी।