गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) में प्रवेश के लिए मालवीय प्रवेश परीक्षा-2019 प्रदेश के 10 शहरों में 10 एवं 11 मई को होगी। 10 मई को एमटेक एवं एमएससी तथा 11 मई को बीटेक, बीबीए, एमसीए एवं एमबीए की प्रवेश परीक्षाएं होंगी। परीक्षा में करीब 22 हजार विद्यार्थी भाग लेंगे। जेई मेन्स परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए 10 फीसदी सीटें आरक्षित हैं। जबकि दूसरे प्रदेश के विद्यार्थियों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। परीक्षा की मॉनीटरिंग के लिए हर केंद्र पर तीन आबजर्वर और शहर में एक उड़ाका दल तैनात रहेगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास सिंह ने बुधवार को बताया कि 10 मई को एमटेक की परीक्षा गोरखपुर, गाजियाबाद व लखनऊ केंद्र पर तथा एमएससी की परीक्षा लखनऊ एवं गोरखपुर में एमएमएमयूटी केंद्र पर सुबह 8 से 10 बजे तक होगी। जबकि बीटेक प्रथम वर्ष एवं द्वितीय वर्ष (लेटरल) बीबीए, एमसीए, एमबीए की प्रवेश परीक्षा 11 मई को होगी। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट तक केंद्र पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को भी प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षाएं सुबह 8 से 11, दोपहर 12.30 बजे से 2 बजे, 3 बजे से 4.30 बजे तक होंगी। उन्होंने बताया कि गोरखपुर, लखनऊ , वाराणसी, मेरठ, आगरा, बरेली, प्रयागराज, झांसी, कानपुर, गाजियाबाद शहर में परीक्षा कराई जाएगी। इस वर्ष एमएमएमयूटी में बीटेक के तीन नए कोर्स शुरू किए गए हैं। आईटी, बीबीए, एमएससी गणित में प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा। प्रवेश में गरीब सवर्णों को भी आरक्षण मिलेगा। बी.टेक प्रथम वर्ष प्रवेश परीक्षा में गणित, फिजिक्स और केमिस्ट्री के प्रश्नों की संख्या 60, 50 और 40 होगी।
फार्म में गलती ठीक करने का अंतिम मौका
कुलपति ने बताया कि इस वर्ष अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन में किसी भी गलती को सही करने के लिए अंतिम अवसर दिया गया है। इसके लिए अभ्यर्थी फार्म भरकर 1000 रुपये की डीडी जमा करनी होगी।
पीसीएम में 60 प्रतिशत अंक अनिवार्य
प्रवेश परीक्षा में भाग लेने के लिए इंटरमीडिएट में पीसीएम (फिजिक्स, केमेस्ट्री, मैथ्स) में 60 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। पिछले साल यह अनिवार्यता 55 प्रतिशत अंकों की थी। था। ओवरऑल अंक 55 प्रतिशत होने जरूरी हैं।
परीक्षा केंद्र पर मिलेगा मूल प्रवेश पत्र
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश इंटरनेट से डाउनलोड प्रवेश पत्र तथा मान्य फोटो पहचान या कॉलेज र्के आईडी कार्ड पर दिया जाएगा। मूल प्रवेशपत्र परीक्षा केन्द्र पर ही दिया जायेगा। फोटो चस्पा कर विद्यार्थी कक्ष निरीक्षक के सामने हस्ताक्षर करेंगे।
शहर के परीक्षा केंद्र
एमपी इंटर कॉलेज, एमजी इंटर कॉलेज, आर्मी पब्लिक स्कूल, एमएसआई इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, मारवाड़ इंटर कॉलेज, एमपी पॉलीटेक्निक, राजकीय पॉलीटेक्निक, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज व सरस्वती विद्या मंदिर महाविद्यालय (आर्यनगर)।
रखें ख्याल
- दो फोटो साथ लेकर आएं
- चप्पल ही पहनकर आएं
- इलेक्ट्रानिक घड़ी पहनकर न आएं
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।