गोरखपुर। सपने तो सभी देखते हैं पर गिर कर दोगुनी ताकत के साथ उठ खड़े होने वाले ही उन्हें पूरा कर पाते हैं। कुछ ऐसी ही हैं शहर की बेटी मनीषा शर्मा। जिन्होंने असफलता हाथ लगने पर भी हिम्मत नहीं हारी। यूपीएससी की परीक्षा में इंटरव्यू से बाहर होने के बाद यूएसए से एमएससी किया। अब वहीं की एक मल्टीनेशल कंपनी ने मनीषा को सालाना 49 लाख रुपये वेतन का पैकेज दिया है।
शहर के जगन्नाथपुर निवासी दीनानाथ शर्मा की पांच बेटियां हैं। इनमें मनीषा सबसे छोटी हैं। एक अप्रैल 1993 को पैदा हुई मनीषा ने कक्षा पांच तक की पढ़ाई नवल्स एकेडमी से की है। इसके बाद उन्होंने कार्मल इंटर कॉलेज में दाखिला लिया और इंटर तक पढ़ाई यहां करने के बाद बीएससी करने दिल्ली चली गईं। इसके बाद वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने लगीं। दो साल बाद यूपीएससी प्री और मेंस की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। लेकिन इंटरव्यू में दो अंक कम होने से चयन नहीं हो सका।
इसके बाद मनीषा अवसाद में आ गईं। पिता ने उन्हें ताकत दी। इसके बाद मनीषा ने यूएसए से मास्टर ऑफ साइंस की पढ़ाई की। वहीं मल्टीनेशनल कंपनी में नियुक्ति के लिए आवेदन किया। छह राउंड की परीक्षा को उत्तीर्ण करने पर उनका चयन कर लिया गया है। इस उपलब्धि पर पिता दीनानाथ शर्मा, मां सुमित्रा देवी बेहद खुश हैं। पिता ने बताया कि दिसंबर में मनीषा भारत आएंगी।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।