पिंक बसों के लिए नहीं मिल रहीं महिला यात्री
बस में पुरुष भी कर रहे यात्रा, शेड्यूल भी नहीं जारी हो पाया
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। महिलाओं की सुरक्षित यात्रा के उद्देश्य से शुरू की गई पिंक बसों में महिला यात्री नहीं मिलने से रोडवेज प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यात्री नहीं मिलने से अभी तक इन बसों का शेड्यूल भी नहीं जारी हो सका।
गोरखपुर को छह पिंक बसें मिली हैं। ये बसें लखनऊ, शक्तिनगर और इलाहाबाद के लिए संचालित की जानी हैं। अभी ट्रायल के रूप में बसों का संचालन किया जा रहा है। पिंक बस के लिए महिला यात्री अभी नहीं मिल रही हैं लिहाजा ट्रायल में चल रहीं इन बसों में पुरुष भी सफर कर रहे हैं। सोमवार को गोरखपुर से लखनऊ रवाना हुई पिंक बस में 24 महिलाएं और 19 पुरुष थे। शेड्यूल तय नहीं होने पर डिमांड पर पिंक बसों को लखनऊ और वाराणसी के लिए भेजा जा रहा है। राप्तीनगर डिपो के आरएम मुकेश कुमार का कहना है कि अभी शेड्यूल तय नहीं हुआ है। जल्द ही निर्धारित समय के मुताबिक पिंक बसों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।
नहीं खुल सका टिकट काउंटर
गोरखपुर। आउटसोर्सिंग पर तैनात कर्मचारियों को मानदेय नहीं मिल पाने की वजह से रेलवे बस डिपो स्थित टिकट काउंटर आठ दिन बाद सोमवार को भी नहीं खुल सके। काउंटर पर न एसी बसों का टिकट बन पा रहा और न ही एमएसटी के काम हो रहे। टिकट और एमएसटी के नवीनीकरण को लेकर लोग परेशान हैं। इस मामले में गोरखपुर डिपो के एआरएम केके तिवारी का कहना है कि संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर से वार्ता की गई है। क्षेत्रीय प्रबंधक को भी रिपोर्ट सौंप दी गई है। प्रयास किया जा रहा है कि जल्द से जल्द काउंटर खुल जाएं।