कुशीनगर में जहर पहुंचाने वाला राजस्थान से गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
कुशीनगर। तरया सुजान क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई 11 लोगों की मौत के मुख्य आरोपी हरेंद्र यादव को कुशीनगर पुलिस ने राजस्थान के भीलवाड़ा से बुधवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर कुशीनगर लाया जा रहा है।
बिहार के गोपालगंज जिले के विशंभरपुर थाना क्षेत्र के रामजीता मठीनिया निवासी हरेंद्र की कुशीनगर पुलिस कई दिनों से तलाश कर रही थी। कुछ दिनों पूर्व तक वह दिल्ली में छिपा था। पुलिस ने जब वहां उसके ठिकाने पर छापा मारा तो वह फरार हो गया। इस बीच उसके राजस्थान के भीलवाड़ा में छिपे होने की जानकारी मिली जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी राजीव नारायण मिश्र के अनुसार हरेंद्र ने ही तरयासुजान में हुए जहरीली शराब कांड के आरोपी दूधनाथ चौहान को शराब की आपूर्ति की थी। हरेंद्र की पत्नी बाचो देवी आरजेडी की ओर से ब्लाक प्रमुख का चुनाव लड़ चुकी है।
हरेंद्र पर विशंभरपुर कुचायकोट और तरयासुजान थाने में डकैती, आबकारी अधिनियम के तहत 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। ट्रांजिट रिमांड पर कुशीनगर लाने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है इसमें कई महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगेगी।