खडडा। विशुनपुरा गांव की देविका का धड़ आखिरकार पुलिस ने बुधवार को कप्तानगंज क्षेत्र के पकड़ियार स्थान के निकट छोटी गंडक से गोताखोंरो की मदद से बरामद कर लिया। हत्या में शामिल आरोपी नंदोई जेल भेजा जा चुका है। जबकि आरोपी पति, सास और ससुर अभी पुलिस की पकड़ से दूर है।
एसओ अनुज कुमार सिंह ने बताया कि विशुनपुरा गांव की 26 वर्षीय देविका की हत्या उसके पति श्रीनिवास ने दस जनवरी को कर दी थी। बाद में अपने माता- पिता और बहनोई दुर्गेश के सहयोग से शव को गांव से छह किलोमीटर दूर नहर में फेंक दिया था। पुलिस को गुमराह करने के लिए देविका के घर से अचानक गायब होने की अफवाह फैला दी गई थी। जबकि देविका के पिता किशोर ने पुलिस को अनहोनी की आशंका जताते हुए तहरीर दी थी। पुलिस छानबीन शुरू की तो ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए। फटकदौना गांव के रहने वाले देविका के नंदोई दुर्गेश यादव की निशानदेही पर पुलिस ने पांच दिन पूर्व उसका सिर तो बरामद कर लिया था, लेकिन धड़ की लगातार तलाश की जा रही थी। बुधवार को सहयोगी एसआई रामअवध, नंदा प्रसाद, कांस्टेबल हरेंद्र प्रसाद, बिजली सिंह की मदद से छोटी गंडक नदी से आखिरकार देविका के धड़ को भी बरामद करने में सफलता मिल ही गई। एसओ ने बताया कि घटना में शामिल आरोपी नंदोई दुर्गेश यादव को पूर्व में ही जेल भेजा चुका है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश सरगर्मी के साथ की जा रही है।