गोरखपुरियों के लिए आया सुखविंदर, मोहित का सलाम
वीडियो संदेश जारी कर गोरखपुर महोत्सव में मनोरंजन करने का किया वादा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव में अपनी आवाज का जलवा दिखाने आ रहे बॉलीवुड सिंगर सुखविंदर सिंह और मोहित चौहान तथा भोजपुरी गीतों की गायक शारदा सिन्हा का गोरखपुरियों के लिए सलाम वाला संदेश आया है। इन कलाकारों ने अलग-अलग वीडियो संदेश जारी कर गोरखपुर महोत्सव के दौरान मनोरंजन करने का वादा किया है। साथ ही ज्यादा लोगों से गोरखपुर विश्वविद्यालय के खेल मैदान में पहुंचने की अपील की है।
सुखविंदर ने अपने संदेश में कहा है कि वह 11 जनवरी को पूरी ऊर्जा के साथ महोत्सव के मंच पर लोगों का मनोरंजन करेंगे। वीडियो में पहली बार गुरु गोरक्षनाथ की धरती पर आने के अवसर को सौभाग्य बताया है। सुखविंदर ने कुछ नया करने का वादा करते हुए दर्शकों को अपने शो में आने का आमंत्रण दिया। रॉकस्टार मोहित चौहान ने 13 जनवरी को दर्शकों को अपनी आवाज से मंत्रमुग्ध करने बात कही है। पद्मश्री व भोजपुरी गायिका शारदा सिन्हा ने कहा है कि दर्शकों के लिए कार्यक्रम को यादगार बनाने की पूरी कोशिश होगी। महोत्सव के पहले दिन मंच पर सुखविंदर सिंह और तीसरे दिन सुरेश वाडेकर और मोहित चौहान के गीतों से सुरों की महफिल सजेगी।