गोरखपुर। भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक के साथ ही स्वास्थ्य व किसानों से जुड़ी समस्याओं के समाधान न होने से नाराज समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ बृहस्पतिवार को जनाक्रोश पदयात्रा निकाली। कार्यकर्ता मेडिकल कॉलेज से पैदल चलकर कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन दिया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह सरकार विरोधी नारे लगाए।
सपा जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव के नेतृत्व में पदाधिकारी, कार्यकर्ता सुबह दस बजे तक मेडिकल कॉलेज गेट पर एकत्रित हुए। फिर पदयात्रा शुरू की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि इंसेफेलाइटिस से हो रही मौतों पर अंकुश लगाने में सरकार पूरी तरह फेल है। सरकार असल आंकड़े छिपा रही है। मेडिकल कॉलेज में बंद 500 बेड के वार्ड को शुरू करने में भी सरकार अड़ंगे लगा रही है। डायलिसिस की बंद यूनिट को नहीं शुरू किया जा रहा है। अब डग्गामार वाहनों के संचालकों से खुलेआम वसूली हो रही है। शौचालय और प्रधानमंत्री आवास में जितनी धांधली हुई है, वह एक-एक कर उजागर हो रही है। किसानों को खाद-बीज समय पर नहीं मिल रहा।
सांसद प्रवीण निषाद ने कहा कि जनता ने उपचुनाव में भाजपा को सबक सिखाया था। आने वाले लोकसभा चुनाव में पूरे प्रदेश में भाजपा को अपनी करनी का अंजाम भुगतना होगा। महानगर अध्यक्ष जियाउल इस्लाम ने कहा कि सरकार सांप्रदायिकता फैलाकर समाज को बांटने का काम करती है। ऐसा ही प्रयास इस समय भी किया जा रहा है।
केक काटकर मुलायम का जन्मदिन मनाया
गोरखपुर। जनाक्रोश यात्रा के बाद बेतियाहाता स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने केक काटकर पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन मनाया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह मिठाइयां भी बांटी। छात्र सभा के जिलाध्यक्ष गवीश दूबे के नेतृत्व में युवा कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर केक काटा। पार्टी कार्यालय पर हुए कार्यक्रम में जवाहर लाल मौर्य, फि रंगी प्रसाद, शारदा देवी, रामभुआल निषाद, मोहसिन खान, अवधेश यादव, यशपाल रावत, विजय बहादुर यादव, जफ र अमीन डक्कू, साधु यादव, मनुरोजन यादव, राघवेंद्र तिवारी राजू, रूपावती बेलदार, अमरेंद्र निषाद, मिर्जा कदीर वेग, रामनाथ यादव, दयानंद विद्रोही, पंकज शाही, श्याम देव निषाद, सिंहासन यादव, मैना भाई, आनंद राय, अभिषेक यादव, कमलेश यादव, अभिषेक तिवारी, दीपक यादव, राहुल यादव, रोहित सिंह, विनोद कुमार यादव आदि मौजूद रहे।