गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय की शैक्षिक सत्र 2017-18 की मेरिट लिस्ट में बेटियों का दबदबा है। 45 मेधावियों की सूची में 36 बेटियां हैं। इन सबको राज्यपाल राम नाईक और कुलपति प्रो. वीके सिंह 26 अक्तूबर को दीक्षांत समारोह में सम्मानित करेंगे। विश्वविद्यालय की टॉपर बीएनबीपी डिग्री कॉलेज महराजगंज की अंजली जायसवाल हैं। उन्हें स्नातक में सर्वाधिक 73.72 फीसदी अंक मिले हैं।
दीक्षांत समारोह में जिन विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाना है, उनके नाम की सूची बृहस्पतिवार की देरशाम जारी कर दी गई। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्नातक, परास्नातक के अलग-अलग विषयों में सर्वाधिक मार्क्स पाने वाले विद्यार्थियों को मेरिट में जगह दी गई है। तीन अक्तूबर तक आपत्तियां ली जाएंगी, फिर अंतिम सूची जारी होगी। विश्वविद्यालय से संबद्ध बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की छात्रा आकृति बक्शी ने चिकित्सा संवर्ग में टॉप किया है। एलएलबी की टॉपर पल्लवी द्विवेदी और बैचलर ऑफ जर्नलिज्म के नवाज अहमद हैं।