गोरखपुर।रेलवे ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती को स्वच्छता से जोड़कर व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेनों में स्वच्छता के प्रति गांधी जी के विचारों को कोट करते हुए पोस्टर लगाए जाएंगे। सभी रेल टिकट पर भी उनके विचारों को छापा जाएगा। कोच में स्पेशल लोगों लगाए जाएंगे जिसे देखकर लोग सफाई के प्रति प्रेरित हो सकें।
रेलवे बोर्ड ने इस सिलसिले में सर्कुलर जारी किया है। योजना के मुताबिक दो अक्टूबर तक ट्रेन के सभी कोच में गेट के बगल में रंगीन पोस्टर लगाए जाएंगे। इसके बगल में सुरक्षा हेल्पलाइन, जहरखुरानी से सचेत करती तस्वीरें भी लगेंगी।
सभी हेडर्क्वाटर वाले स्टेशन, मंडल कार्यालय में महात्मा गांधी के पोस्टर लगाए जाएंगे। पोस्टर पर उनके विचारों को दर्ज किया जाएगा। रेल प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने बताया कि दो अक्टूबर तक सभी ट्रेनों के कोच में पोस्टर लगा दिए जाएंगे। गांधी जयंती तक विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करने को रन फॉर यूनिटी का भी आयोजन होगा। इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है।