वोटरों को जागरूक करने के लिए रन फॉर वोट का आयोजन किया गया।
- फोटो : Amar Ujala
उपचुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के साथ ही जिला प्रशासन ने लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित करने के प्रयास भी तेज कर दिए हैं। मानव श्रृंखला, नौकायन के बाद मंगलवार को रन फॉर वोट कार्यक्रम का आयोजन हुआ। विभिन्न स्कूल, कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के साथ ही एसएसबी के जवान, एनसीसी कैडेट्स और अफसरों, कर्मचारियों ने दौड़ में हिस्सा लेकर लोगों को वोटिंग के लिए जागरूक किया।
पैडलेगंज चौराहे से सुबह 11 बजे दौड़ शुरू हुई जो रामगढ़ताल जेटी पर जाकर समाप्त हुई। दो किलोमीटर लंबी इस दौड़ में शामिल लोगों की हौसलाअफजाई के लिए भी बड़ी संख्या में स्कूल-कॉलेज के शिक्षक, अफसर और स्थानीय लोग पहुंचे। जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव रौतेला ने दौड़ लगाने के साथ ही निश्चित मतदान की शपथ दिलाई। अपील की कि 11 मार्च को गोरखपुर सदर संसदीय सीट के मतदाता घर से निकलें और ज्यादा से ज्यादा वोट डालकर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।
इन्होंने लगाई दौड़
प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ स्पोर्टस कालेज के खिलाड़ी, एसएसबी के जवान, गोरखपुर यूनिवर्सिटी के एनसीसी कैडेट्स व एनएसएस सदस्य, सेंट एंड्रयूज कॉलेज, डीएवी डिग्री कॉलेज, डीवीएनपीजी कॉलेज, मारवाड़, बिजनेस स्कूल के छात्र-छात्राएं समेत स्थानीय लोग।