बोल बम का मंत्र बुदबुदाते हुए शहर की सड़कों पर तड़के ही बउरहवा बाबा के बहुरूप दिखे। मंदिरों में गौरी-महेश जैसी जुगलबंदी दिखाते हुए कई जोड़े स्तुति करते नजर आए तो कई श्रद्धालु पूजा-पाठ के दौरान भोले के भक्तों की मदद करते दिखे। महाशिवशवरात्रि पर ऐसी ही छटा बिखेरते शहर के मंदिरों और शिवालयों से पूरे दिन हर-हर महादेव की गूंज आती रही। श्रद्धालु भगवान भोले के जलाभिषेक के लिए घरों से निकले, शहर शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं से खचाखच हुए मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था भी चौकस रही।
शहर के गोरखनाथ मंदिर स्थित शिव मंदिर, मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, महादेव झारखंडी, मानसरोवर मंदिर, बगहा बाबा मंदिर, छोटेकाजीपुर स्थित शिव मंदिर, धर्मशाला शिव मंदिर, जटाशंकर मंदिर, शिव मंदिर सूरजकुंड, मुंजेश्वरनाथ मंदिर, सती माता मंदिर, शिव मंदिर भरवलिया, बेतियाहाता हनुमान मंदिर, शिवपुरी शिव मंदिर, बड़े काजीपुर स्थित शिव मंदिर आदि के दरवाजे मंगलवार को तड़के ही श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। पहले से कतार में खड़े श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का बेलपत्र, धतूरा, गन्ना, भांग, अक्षत आदि के साथ जलाभिषेक किया। पूरे दिन इन मंदिरों के घंटे और नगाड़े बजते रहे। मंदिरों में श्रद्धालुओं का अत्यधिक जमावड़े से कोई अव्यवस्था न हो, इसके लिए बैरीकेडिंग भी कराई गई थी।
इस दौरान श्रद्धालुओं एवं बच्चों ने मंदिर परिसर में लगे मेले का भी लुत्फ उठाया। बच्चों ने खिलौने, गुब्बारे आदि खरीदकर, मिकी मॉउस के साथ मस्ती की और झूले का आनंद भी उठाया। कई ने चाट-पकौड़े का भी स्वाद लिया।
सेवा कर मनाई शिवरात्रि
प्रयास एक परिवर्तन संस्था की ओर से सेवा करके शिवरात्रि मनाई गई। संस्था के कार्यकर्ताओं ने कुष्ठ आश्रम, मलिन बस्ती समेत शहर के मंदिरों एवं चौराहों पर जरूरतमंदों लोगों में फल और भोजन बांटा। संयोजक प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मोती जेल, चंद्रलोक कुष्ठ आश्रम, हनुमान मंदिर बेतियाहाता, छात्रसंघ चौक, रेलवे स्टेशन, धर्मशाला, विजय चौक आदि स्थानों पर सेवा कार्यक्रम चलाया गया। इस दौरान विश्वास दादा, कर्नल आरएन सिंह, शोरेलाल, सुरेंद्र यादव, प्रेम जालान, डॉ. आशीष, अवध गुप्ता आदि मौजूद रहे।
आर्य समाज मंदिर में हुआ यज्ञ
आर्य समाज मंदिर बक्शीपुर में हवन यज्ञ के साथ महाशिवरात्रि मनाई गई। पुरोहित पंडित हरिश्चंद्र त्रिपाठी की अगुवाई में सुबह आठ बजे हवन यज्ञ शुरू हुआ। 10 बजे इसके समापन पर प्रशांत रंजन ने ध्वजारोहण किया। कोमल जायसवाल, बीना, रैना, अनन्या, अनु आदि ने ध्वज गीत गाया। इस दौरान दिनेश चंद्र त्रिपाठी, निशांत रंजन, सियाशरण सर्राफ, राजीव सिंह, शरद चन्द्र अग्रहरी, उत्तम कुमार वर्मा, विनोद वर्मा, रामाधार सर्राफ, बलराम आदि मौजूद रहे।
विभिन्न संस्थाओं ने लगाए स्टॉल
महाशिवरात्रि मेले में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं ने स्टॉल लगाए। शिवभक्ति सेवा मंडल ने भंडारा आयोजित किया। वहीं कई संस्थाओं ने फल एवं चाय का वितरण किया। जिला अस्पताल की टीम ने स्वास्थ्य शिविर लगाया। वहीं तारामंडल की संस्था ने न्यूट्रीशन शिविर लगाया। नगर विधायक राधामोहन दास अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा नेता जितेंद्र वर्मा ने दूध वितरण शिविर लगाया। गायत्री परिवार ने नशामुक्त उत्तर प्रदेश जन जागरूकता शिविर लगाया। नागरिक सुरक्षा कोर सिविल प्रखंड ने शिविर लगाकर मेले में खोए बच्चों को परिजनों से मिलाने का काम किया।
शैलेशदास के भजनों पर झूमे भक्त
झंगहा थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक राजधानी गांव से आए दुर्गा भक्त शैलेश दास ने भोले विवाह, देवी गीत से लेकर विभिन्न भजनों की तान छेड़कर पूरे मेले को भक्तिमय कर दिया। भक्त भावविभोर होकर घंटों झूमते रहे। जलाभिषेक एवं मेला कार्यक्रम सकुशल संपन्न होने पर महादेव झारखंडी शिव मंदिर सेवा समिति के संरक्षक शिवपूजन तिवारी, अध्यक्ष अयोध्या मिश्रा एवं उपाध्यक्ष जुगुल किशोर तिवारी ने सभी के प्रति आभार जताया।