फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ड्रोन कैमरे से होगी नहरों के सफाई की निगरानी : धर्मपाल

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
गोरखपुर। जिले के प्रभारी एवं प्रदेश सरकार में सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि अब नहरों की सफाई की निगरानी ड्रोन कैमरे से होगी। इससे बिना कार्य कराए भुगतान नहीं हो पाएगा।
सिंचाई मंत्री शुक्रवार को सर्किटहाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्हाेंने कहा कि अब तक नहरों की सफाई में घोटाला हो रहा था। एक-दो जगह सफाई कराकर पूरे धन का बंदरबांट कर लिया जाता था। इसे रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। यूपी देश का पहला प्रदेश होगा, जहां कार्यों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पानी का अपव्यय रोकने के लिए नहर क्षेत्र की समितियों का चुनाव करा रहे हैं। इसका मतदाता वही होगा जो नहरों से सिंचाई करता होगा। उन्होंने कहा कि 25 साल से केन-बेतवा लिंक बंद था। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में योगी व एमपी के सीएम के साथ बैठक के बाद उसका समाधान हो गया। इसमें तय हुआ कि 73 प्रतिशत जल एमपी को तथा 27 प्रतिशत यूपी को मिलेगा।
विज्ञापन


एसडीएम कराएंगे प्राथमिक विद्यालय की परीक्षा
प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि योगी सरकार प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के प्रति बेहद गंभीर है। वहां पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर ड्रेस दिए गए हैं। सभी बच्चों को जूते-मोजे भी सरकार देने जा रही है। शिक्षा का स्तर जानने के लिए अब एसडीएम, तहसीलदार को लगाया जाएगा। वे लोग वहां के बच्चों की परीक्षा कराएंगे। फिर देखेंगे बच्चों की शिक्षा का स्तर क्या है। फिर संबंधित विद्यालय के शिक्षक से जवाब तलब होगा। बच्चों की शिक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा।

जिले में खुलेंगे 102 धान क्रय केंद्र
मंत्री ने कहा कि गेहूं की तरह ही धान खरीद केंद्र कार्य करेगा। जिले में इस साल 102 धान क्रय केंद्र खोले गए हैं। तीन दिनाें के अंदर किसानों के धान का मूल्य उनके खाते में पहुंच जाएगा। खरीद में गड़बड़ी करने पर कार्रवाई होगी।
‘पर्यटन और सांस्कृतिक क्षेत्र में विकसित होगा गोरखपुर’
जीडीए सभागार में समीक्षा बैठक में बोले प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर।
प्रदेश के सिंचाई मंत्री एवं जिले के प्रभारी धर्मपाल सिंह ने जीडीए सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कहा कि गोरखपुर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसे पर्यटन व सांस्कृतिक क्षेत्र में विकसित करने के लिए सरकार भारी धनराशि खर्च करने जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से प्रगति विवरण साथ विगत छह महीने के उल्लेखनीय कार्यों के बारे में जानना चाहा।
मंत्री ने कहा कि जिले के प्रमुख स्थलों को पर्यटन एवं सांस्कृतिक दृष्टि से विकसित करने के लिए सरकार ने 101 करोड़ रुपये दिए हैं। गोरखनाथ मंदिर, इमामबाड़ा, गीतावाटिका, रामलीला स्थल, सूर्यकुंड के विकास के लिए केंद्र सरकार ने 104 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। चिड़ियाघर 113 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा है। रामगढ़ताल को वेटलैंड घोषित किया गया है। इसके साथ ही नगर के सभी प्रवेश स्थलों पर प्रवेश द्वार बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ड्रिप सिंचाई योजना में कुल लागत का सामान्य किसानों को 80 प्रतिशत तथा लघु एंव सीमांत किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। बैठक में निर्देश दिया कि राजकीय नलकूप में यांत्रिक दोष को तीन दिन में तथा विद्युत दोष को 24 घंटे में ठीक कराएं। विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि दीपावली एवं अन्य त्यौहारों पर विद्युत आपूर्ति में बाधा नहीं आनी चाहिए।
इस दौरान डीएम ने बताया कि खुले में शौच से मुक्ति हेतु 31 मार्च 2017 तक की समय सीमा निर्धारित थी। इसे बढ़ा कर अब 2018 तक कर दिया गया है। कहा कोई भी प्राइमरी स्कूल अध्यापक विहीन नहीं है। सभी पात्र 4110 वनटांगियां तथा 1617 मुसहर परिवारों को राशन कार्ड दिया गया है, उन्हें खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के बच्चों के वार्ड को प्रदेश के सबसे बड़े 500 किलो वाट के सोलर लाइट से विद्युत आपूर्ति करने हेतु पैनल स्थापित किया जाएगा।
विज्ञापन


त्योहारों में पुलिस अधिकारी बरतें सतर्कता
पुलिस विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि त्योहारों में किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। बकरीद, गणेश चतुर्थी, दशहरा, मोहर्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा आम जनता बधाई की पात्र है। कहा, चेन स्नैचिंग, वाहन एवं अन्य चोरी की घटनाओं को सख्ती से रोका जाए।त्योहारों में डीएम, एसएसपी एकसाथ क्षेत्र में निकलें। इसी प्रकार एडीएम और सीओ क्षेत्र में जाएं। मंत्री ने नगर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कही। उन्होंने आश्वासन दिया कि बेलघाट में थाना एवं चौकियों का नया भवन बनवाया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें