गोरखपुर।
बीआरडी कांड में फरार छह आरोपियों की तलाश तेज हो गई है। मंगलवार को पुलिस, एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीमें लखनऊ, कानपुर, इलाहाबाद, नोएडा और गाजियाबाद भेजी गईं। आरोपी लगातार ठिकाना बदल रहे हैं। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। इसके लिए टीमें लगी हुई हैं।
ऑक्सीजन की कमी के बीच ही बच्चों और लोगों की मौत मामले में एनेस्थिसिया के विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश, पुष्पा सेल्स के मालिक मनीष भंडारी, चीफ फार्मासिस्ट गजानन जायसवाल, उदय, सुधीर और संजय की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। कुछ आरोपी गिरफ्तारी पर रोक लगाने के लिए हाईकोर्ट जा पहुंचे लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लग सकी। इस मामले में एसटीएफ और क्राइम ब्रांच का सूचना तंत्र भी फेल हो गया। अब टीमों को गैर जनपद भेजकर गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। आरोपियों के मोबाइल फोन को सर्विलांस पर रखा गया है। लोकेशन मिलते ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। आरोपियों के सगे-संबंधियों से पूछताछ जारी है। घर की तलाशी तक ली जा चुकी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कि सभी आरोपी गोरखपुर से बाहर हैं। उनके लगातार ठिकाना बदलने की सूचना मिली है। इसी वजह से गिरफ्तारी में दिक्कत आ रही है। कुछ आरोपियों के सगे-संबंधियों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।